उत्तर प्रदेश कुश्ती एसोसिएशन ने पहलवानों की वास्तविक उम्र की जांच के लिए बोन टेस्ट अनिवार्य कर दिया है। यह नियम प्रदेश स्तर की प्रतियोगिताओं में लगभग दो महीने पहले से लागू किया गया है। अब जिला स्तर पर भी इसे 1 जनवरी से लागू करने की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए जिला रेसलिंग एसोसिएशन ने सरकारी अस्पतालों से संपर्क शुरू कर दिया है।
जिला कुश्ती एसोसिएशन के सचिव भगत सिंह बाबा ने बताया कि सरकारी अस्पतालों से संपर्क किया जा रहा है और एक जनवरी से जिला स्तर पर भी यह व्यवस्था लागू कराने का प्रयास है। यूपी रेसलिंग एसोसिएशन के महासचिव सुरेश चंद उपाध्याय के अनुसार, प्रदेश स्तर पर यह व्यवस्था लागू करने के बाद अब जिला स्तर पर भी टेस्ट कराने की योजना है।
नियम के तहत अगर पहलवान बोन टेस्ट में पास होता है तो टेस्ट का खर्च एसोसिएशन वहन करेगा। वहीं, टेस्ट में फेल होने पर खर्च खिलाड़ी को स्वयं उठाना होगा। इससे पहले प्रदेश स्तर की प्रतियोगिताओं में बोन टेस्ट नहीं कराया जाता था। टूर्नामेंट से पहले या बाद में अधिकारियों को किसी पहलवान की उम्र पर संदेह होने पर वे उसका बोन टेस्ट करा सकते हैं।
24 अक्टूबर 2026 को गोरखपुर में सीनियर स्टेट रेसलिंग चैंपियनशिप का आयोजन हुआ था, जिसमें अलीगढ़ मंडल की टीम भी शामिल हुई थी। प्रतियोगिता में कासगंज के तीन पहलवानों द्वारा कम उम्र का होने के बावजूद सीनियर वर्ग में खेलने का मामला सामने आया। अधिकारियों को संदेह हुआ तो बोन टेस्ट कराया गया, जिसकी रिपोर्ट में तीनों पहलवानों पर उम्र में फेरबदल का दोष सिद्ध हुआ। अब इन तीनों पर तीन-तीन वर्ष का प्रतिबंध लगा दिया गया है।
पहलवान दिनेश चौधरी ने कहा कि पात्र खिलाड़ी को उसका हक मिले, इसके लिए यह व्यवस्था शानदार है और जिला स्तर से ही बोन टेस्ट अनिवार्य कर देना चाहिए। पहलवान पवन राठी ने इसे एसोसिएशन की अच्छी पहल बताते हुए कहा कि फर्जीवाड़े पर नकेल लगाना जरूरी है और यह व्यवस्था जिला स्तर पर भी लागू होनी चाहिए।
