उरई मेडिकल कॉलेज में बुधवार दोपहर एबीवीपी कार्यकर्ताओं और डॉक्टरों के बीच झड़प हो गई। एबीवीपी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बीएससी नर्सिंग के प्रैक्टिकल में फेल छात्रों को पास कराने के नाम पर 35 हजार रुपये की मांग की जा रही है। इसी शिकायत को लेकर कार्यकर्ता प्राचार्य से मिलने पहुंचे थे।

जिलाध्यक्ष चित्रांशु और संघ विभाग संगठन मंत्री सोमू सविता के नेतृत्व में करीब 50 कार्यकर्ता दोपहर करीब एक बजे कालेज पहुंचे। प्राचार्य डा. अरविंद त्रिवेदी से बातचीत के दौरान कहासुनी हो गई। आरोप है कि छात्रों से पैसे मांगे जा रहे हैं। इस बीच विवाद बढ़ता देख प्राचार्य ने डॉक्टरों को सूचना दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में डॉक्टर मौके पर एकत्र हो गए और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।

सूचना मिलते ही सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह फोर्स के साथ पहुंचे और किसी तरह चित्रांशु व सोमू सविता को डॉक्टरों के बीच से बाहर निकाला। अपर पुलिस अधीक्षक डा. ईशान सोनी ने मौके पर पहुंचकर जांच की और मेडिकल कॉलेज में भारी पुलिस बल व पीएसी तैनात कर दी है।

बताया जाता है कि नर्सिंग फाइनल सेमेस्टर के कुछ छात्र प्रैक्टिकल में फेल हो गए थे, जिससे उन्हें परेशानी हो रही थी। इस संबंध में छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को जिलाधिकारी समीर से शिकायत की थी। पुलिस के अनुसार अभी किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।