लखनऊ में मंगलवार को उत्तराखंड महोत्सव में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिना नाम लिए विरोधियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गठबंधन के नाम पर कुछ लोग वोट मांग रहे हैं, जिन्हें शर्म नहीं आती। उन्होंने कहा कि गोलीकांड लोगों के जेहन में आज भी है और यहां कभी माफिया राज था। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह और उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज भी उपस्थित रहे।
धामी ने कहा कि उत्तराखंड उनकी जन्मभूमि है और उत्तर प्रदेश उनकी कर्मभूमि। उन्होंने बताया कि हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक और परास्नातक की पढ़ाई उन्होंने यहीं की है। लखनऊ आकर उन्हें अपने घर जैसा महसूस हुआ। उन्होंने कहा कि महोत्सव अपनी माटी, परंपरा और पूर्वजों की विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने का माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में पर्यटन और तीर्थाटन के विस्तार की सराहना की। उन्होंने कहा कि आदि कैलाश, ओम पर्वत और बाबा नीब करौरी धाम में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में हुए विकास कार्यों की भी सराहना की और कहा कि पहले माफिया राज और खराब सड़कों की समस्या थी, अब एक्सप्रेसवे से आवागमन आसान हुआ है और निवेश बढ़ा है।
इससे पहले उत्तराखंड के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने यमुना, शारदा और सरयू नदी से जुड़े पर्यटन सर्किट विकसित करने का सुझाव दिया। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में छह हजार से अधिक होम स्टे हैं और चारधाम यात्रा में 61 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि दोनों राज्यों के बीच लंबित विवादों को योगी आदित्यनाथ और पुष्कर सिंह धामी ने आपसी समन्वय से सुलझाया है। अयोध्या, काशी और मथुरा के साथ उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों को जोड़कर पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा।
कार्यक्रम में विधायक ओपी श्रीवास्तव, उत्तराखंड महापरिषद के अध्यक्ष हरीश चंद्र पंत, पार्वतीय महापरिषद के अध्यक्ष गणेश चंद्र जोशी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने चार विशिष्ट विभूतियों को सम्मानित किया। इससे पहले उत्तराखंड के कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
