देहरादून। उत्तराखंड में राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसरों में कार्यरत अतिथि शिक्षकों (गेस्ट फैकल्टी) के मानदेय में वृद्धि का प्रस्ताव जल्द ही कैबिनेट में लाया जाएगा। उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने शनिवार को विधानसभा भवन स्थित सभाकक्ष में विभागीय समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि विभागीय अधिकारियों को यूजीसी के मानकों के अनुरूप प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने को कहा गया है।
मंत्री के अनुसार, प्रदेश के राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसरों में विभिन्न संकायों में करीब 400 गेस्ट फैकल्टी कार्यरत हैं। फिलहाल इन्हें लगभग 35 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है, जबकि लंबे समय से यूजीसी के निर्धारित मानकों के अनुसार 57,700 रुपये मानदेय देने की मांग की जा रही है। मंत्री ने कहा कि सरकार इस मांग पर गंभीरता से विचार कर रही है।
बैठक में मंत्री ने विभागीय बजट को शीघ्र खर्च करने और निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने महाविद्यालयों में छात्रावासों का संचालन सुनिश्चित करने को कहा और छात्रावास खाली रहने पर शिक्षकों एवं कर्मचारियों को वहां रहने की अनुमति देने का सुझाव दिया।
इसके अलावा, राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसरों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को निश्शुल्क टैबलेट वितरित करने का प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश भी दिए गए।
