उत्तरकाशी जिले के पोखरी गांव में सड़क सुविधा न होने से ग्रामीणों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिला मुख्यालय से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित इस गांव में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 67 वर्षीय नत्थी देवी की तबीयत बिगड़ने लगी। जमुन सिंह राणा की पत्नी नत्थी देवी को पक्षाघात (स्ट्रोक) आने की आशंका जताई गई।

परिजन और ग्रामीण महिला को तुरंत अस्पताल ले जाना चाहते थे, लेकिन गांव तक सड़क न होने के कारण वाहन उपलब्ध नहीं था। ऐसे में ग्रामीणों ने डंडी-कंडी का सहारा लिया और कठिन रास्ते से पैदल ही बुजुर्ग महिला को मुख्य सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद महिला को हायर सेंटर भेजे जाने की सूचना है।

ग्राम प्रधान जितेन्द्र सिंह कैन्तुरा के अनुसार, गांव को सड़क से जोड़ने की मांग वर्ष 2004 से उठाई जा रही है। इस संबंध में वर्ष 2018 में कलक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन भी किया गया था और मंत्री-विधायक को कई बार पत्र लिखे गए हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द गांव को सड़क से नहीं जोड़ा गया तो वे आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे।

यह घटना पोखरी गांव के उन लोगों की बेबसी को भी बयां करती है, जिन्हें रोजमर्रा की जरूरतों से लेकर बीमारी और आपात स्थिति तक में सड़क के अभाव का सामना करना पड़ता है। जिला मुख्यालय के इतने करीब होने के बावजूद सड़क सुविधा न होने से बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और गंभीर मरीजों के लिए हालात बेहद चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं।