भारतीय रेलवे में सुरक्षा को लेकर एक गंभीर लापरवाही सामने आई है। 24 अक्टूबर को एक खाली वंदे भारत ट्रेन का रैक खराब ब्रेकिंग सिस्टम के साथ झारखंड के हटिया से उत्तर प्रदेश के झांसी तक करीब 463 किलोमीटर चला। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस रैक को मालगाड़ी के इंजन से झांसी ले जाया जाना था और नियमों के तहत पूरे सफर के लिए यात्री ट्रेन के ब्रेकिंग सिस्टम को मालगाड़ी के इंजन के ब्रेकिंग सिस्टम से जोड़ना जरूरी था, लेकिन संबंधित कर्मचारियों ने ऐसा नहीं किया।
7 नवंबर को जारी आधिकारिक दस्तावेज के अनुसार, हटिया-रांची सेक्शन में लोको पायलट ने ब्रेक फील और ब्रेक पावर टेस्ट किया, जिसमें ब्रेक पावर कमजोर पाई गई। रांची स्टेशन पर पायलट ने सेक्शन कंट्रोलर और ट्रैक्शन लोको कंट्रोलर समेत अधिकारियों को लिखित शिकायत दी, लेकिन ट्रेन को उसी हाल में आगे बढ़ने की अनुमति दे दी गई। मुरी स्टेशन पर दूसरे लोको पायलट ने भी यही समस्या बताई और कंट्रोलर्स को अलर्ट किया कि प्रेशर रिलीज करने पर भी ब्रेक काम नहीं कर रहे हैं, फिर भी ट्रेन नहीं रोकी गई।
चंदौली के पंडित दीनदयाल उपाध्याय (DDU) जंक्शन पर जांच में सामने आया कि ट्रेन के सभी कोचों के ब्रेकिंग सिस्टम बंद थे। पूरा सफर ट्रेन ने सिर्फ इंजन के ब्रेक और रीजेनरेटिव ब्रेकिंग के भरोसे तय किया। दक्षिण पूर्व रेलवे जोन ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक मानते हुए रांची के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) को विस्तृत जांच का आदेश दिया है।
शुरुआती जांच में कोच एंड वैगन (C&W) के रखरखाव कर्मचारियों, संबंधित स्टेशनों के सेक्शन और ट्रैक्शन कंट्रोलर्स तथा हटिया से DDU के बीच ट्रेन चलाने वाले क्रू को जिम्मेदार ठहराया गया है। आदेश में सवाल उठाया गया है कि रैक रवाना करने से पहले C&W स्टाफ ने ब्रेकिंग सिस्टम की फिजिकल जांच क्यों नहीं की। जांच में यह भी सामने आया कि क्रू को वंदे भारत के आधुनिक ब्रेकिंग सिस्टम की पूरी जानकारी नहीं थी। जोन ने दोषी कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के निर्देश दिए हैं।
