पश्चिम बंगाल में टीएमसी के दो गुटों के बीच पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न को लेकर विवाद के बीच सांसद अभिषेक बनर्जी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखाए गए वीडियो को लेकर पूर्वी बर्धमान के कालना थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने वीडियो को फर्जी बताया है।
अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया था कि पश्चिम बंगाल पुलिस के कर्मचारियों ने कालना थाने में दूसरे गुट के समर्थन में फर्जी हलफनामे तैयार किए। उन्होंने दावा किया कि इन हलफनामों में लोगों के नाम, पते और पिता के नाम के साथ फर्जी हस्ताक्षर किए गए, और जिन लोगों के नाम पर ये दस्तावेज जमा हुए, उन्हें इसकी जानकारी भी नहीं थी। उन्होंने जांच और कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उनकी पार्टी के पास ऐसे और भी वीडियो हैं, जिन्हें आने वाले दिनों में सार्वजनिक किया जाएगा। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉर्ड और मोबाइल लोकेशन के जरिए जांच कराने की मांग की और कोर्ट से खुद संज्ञान लेकर फर्जीवाड़े में शामिल पुलिसकर्मियों, अधिकारियों और बागी गुट के नेताओं पर कार्रवाई की अपील की।
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखाए गए वीडियो फर्जी और छेड़छाड़ करके बनाए गए थे। शिकायत में आरोप लगाया गया कि इनके जरिए पुलिस की छवि खराब करने की कोशिश की गई। साइबर क्राइम विंग वीडियो की सत्यता और उनके स्रोत की जांच करेगी। आयोग ने दोनों गुटों को अतिरिक्त दस्तावेज और हलफनामे जमा करने के लिए तीन सप्ताह का समय दिया है।
बता दें कि टीएमसी में बगावत जून में शुरू हुई थी। पार्टी के 27 लोकसभा सांसदों में से 20 ने अलग होकर एनसीपीआई के साथ गठबंधन किया और एनडीए को समर्थन दे दिया। इसके बाद विधानसभा में भी बगावत शुरू हुई, जहां पार्टी के करीब 80 विधायकों में से 58 ने ऋतब्रत बनर्जी को विपक्ष का नेता बनाने का समर्थन किया। बागी विधायकों ने अलग बैठक कर अरूप रॉय को अध्यक्ष चुना और समानांतर संगठन बनाने का ऐलान किया। विवाद के बाद चुनाव आयोग ने दोनों गुटों को अलग पहचान दी। ममता बनर्जी के गुट को 'ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस' नाम और फुटबॉल खिलाड़ी का चुनाव चिह्न मिला, जबकि ऋतब्रत गुट को 'डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस' नाम और लिफाफे का चुनाव चिह्न आवंटित किया गया।
