पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह शनिवार दोपहर करीब तीन बजे हेलीकॉप्टर से वाराणसी के रोहनिया में बने हेलीपैड पहुंचे। यहां अनंत हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. आलोक शर्मा ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया। हेलीकॉप्टर पहुंचते ही देखने वालों की भारी भीड़ जुट गई और लोगों ने हेलीकॉप्टर के पास फोटो व सेल्फी भी ली।

इसके बाद वे सागरपुर स्थित स्व. महेंद्र चंदेल के घर पहुंचे और उनके स्वजन से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। यहां से उनका काफिला भदोही के लिए रवाना हुआ। वापसी में शाम सात बजे वे रोहनिया स्थित आवास पर आयोजित रामचरितमानस के अखंड पाठ में शामिल हुए और प्रसाद ग्रहण किया। यहां डॉ. आलोक शर्मा, उनके पिता एवं भाजपा नेता अनंत देव शर्मा तथा परिवार के सदस्यों की ओर से उन्हें चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत किया गया।

इस दौरान बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि सनातन धर्म को लेकर कथाओं में आना-जाना रहता है। उन्होंने कहा कि रामकथा, भागवत कथा, राम मंदिर और रामसेतु को गाली देने वाले का खुद नुकसान होगा। महिला आरक्षण पर उन्होंने कहा कि तीर धनुष पर चढ़ चुका है और इसका परिणाम जल्द आएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को बराबरी का हक देने का समय आया है और जो महिला आरक्षण का विरोध करेगा, वह उसके गले की फांस बनेगा। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है और यह बिल पास होकर रहेगा, चाहे कोई इसके पक्ष में आए या विपक्ष में रहे।

उन्होंने कहा कि रामकथा सुनने से फायदा नहीं होगा, राम जैसे आचरण से फायदा होगा। रामजी ने सर्व समाज को जोड़ने का काम किया था। उन्होंने कहा कि आज कुछ लोग जातियों को टारगेट करके गाली दे रहे हैं, जो उचित नहीं है और समाज के किसी वर्ग को गाली देना ठीक नहीं। राम ने दलित, वंचित और कमजोर को जोड़ने का काम किया। उन्होंने गठबंधन को बेमेल बताया। इस दौरान महापौर अशोक तिवारी, विधायक डॉ. सुनील पटेल, भाजपा नेता सुरेश सिंह, संजय सिंह बबलू, सुजीत सिंह, पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटेल, बहादुर यादव, डॉ. ब्रजेश तिवारी, अमित सिंह, पंकज सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।