विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मेरठ में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया गया है। एसएसपी ने कानून-व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से पांच निरीक्षकों को थानों की कमान सौंपी है, जबकि कई थाना प्रभारियों को हटाकर नई जिम्मेदारी दी गई है। इस फेरबदल में कुल 20 निरीक्षक और उपनिरीक्षक शामिल हैं।

नई तैनातियों के अनुसार निरीक्षक जितेंद्र कुमार को पुलिस लाइन से खरखौदा थाना प्रभारी बनाया गया है। हापुड़ से आए अखिलेश कुमार त्रिपाठी को सरधना थाने की जिम्मेदारी दी गई है। विनोद कुमार अत्री को अपराध शाखा से देहलीगेट, इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह को पुलिस लाइन से कंकरखेड़ा और इंस्पेक्टर महेंद्र पाल को पुलिस लाइन से परतापुर थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं सरधना थाना प्रभारी अरुण कुमार मिश्रा, कंकरखेड़ा थाना प्रभारी सुमन कुमार सिंह और साइबर थाना प्रभारी हरिओम सिंह का स्थानांतरण बाहर के जनपदों में हो चुका है।

कुछ अधिकारियों की तैनाती पर सवाल भी उठ रहे हैं। इससे पहले लिसाड़ीगेट समेत कई थानों के प्रभारी रहे नजीर अली को साइबर थाने का प्रभारी बनाया गया है। हापुड़ में साइबर थाने का प्रभारी रहते हुए नजीर अली पर कई गंभीर आरोप लगे थे, और दोबारा जनपद में उनकी तैनाती को लेकर सवाल किए जा रहे हैं। इसके अलावा एसओ गौरव सिंह और एसओ मानवेंद्र सिंह की तैनाती भी सवालों के घेरे में बताई जा रही है। गौरव सिंह को मेडिकल से सस्पेंड किया गया था और उनके सामने ही विधायक सोमेंद्र तोमर का नाम लेकर व्यापारी से सड़क पर नाक रगड़वाने की घटना काफी चर्चा में रही थी। मानवेंद्र सिंह की तीन माह में तीसरी तैनाती है; अब उन्हें परतापुर से लालकुर्ती भेजा गया है।

अन्य तैनातियों में कचहरी सुरक्षा प्रभारी अजय पंवार को पुलिस लाइन भेजा गया है। खरखौदा थाना प्रभारी अजय अवाना को ब्रह्मपुरी थाने की कमान सौंपी गई है, जबकि ब्रह्मपुरी थाना प्रभारी राजेश कांबोज को जनशिकायत प्रकोष्ठ का प्रभारी बनाया गया है। राजेश कांबोज के खिलाफ लगातार शिकायतें मिलने की बात कही जा रही है। इंचौली थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह को फलावदा और फलावदा थाना प्रभारी गौरव सिंह को इंचौली भेजा गया है। देहलीगेट थाना प्रभारी राहुल कुमार को आइजीआरएस शाखा का प्रभारी बनाया गया है। लालकुर्ती थाना प्रभारी विजय कुमार को सदर बाजार और सदर बाजार थाना प्रभारी रामप्रकाश को कचहरी सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा लोकेश प्रताप को सिविल लाइन से रोहटा और अजय यादव को सरधना से जानी थाने में तैनात किया गया है।