केंद्र सरकार की ओर से 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र बुलाने की घोषणा के बाद परिसीमन विधेयक फिर चर्चा में आ गया है। विधेयक को पारित कराने के लिए लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत की ज़रूरत होगी। इस बीच विपक्षी गठबंधन के भीतर मतभेद सामने आ गए हैं और महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी के घटक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। कांग्रेस और शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेताओं ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) की संभावित भूमिका की आलोचना की है।
एनसीपी नेता जितेंद्र आव्हाड ने पार्टी का रुख़ स्पष्ट करते हुए कहा कि परिसीमन की प्रक्रिया संवैधानिक रूप से ज़रूरी है और पार्टी इसका समर्थन करेगी। इस बयान पर कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने असंतोष जताया और कहा कि शरद पवार गुट के सदस्य विपक्षी दलों की बैठक में शामिल नहीं होंगे। शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के सांसद संजय राउत ने भी शरद पवार गुट को निशाने पर लिया और केंद्र सरकार पर सांसदों की ख़रीद-फरोख़्त के आरोप लगाए। शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के नेता संजय शिरसाट ने इन आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि लोगों पर इस तरह के आरोप लगाना सही नहीं है।
एनसीपी (शरद पवार गुट) के सांसद डॉ. अमोल कोल्हे ने कहा कि शरद पवार के ख़िलाफ़ कांग्रेस नेताओं के बयानों के विरोध में पार्टी ने इंडिया अघाड़ी की बैठक में शामिल न होने का फ़ैसला किया है। उन्होंने बताया कि विधेयक का मसौदा मिल गया है और सांसद सोमवार को बैठकर इस पर चर्चा करेंगे।
इस बीच, केंद्रीय मंत्रिमंडल की ओर से परिसीमन विधेयक को मंजूरी दिए जाने के बाद एम. के. स्टालिन की अध्यक्षता में शनिवार को हुई बैठक के बाद डीएमके ने नए मसौदे का समर्थन किया है। डीएमके सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री ए. राजा ने कहा कि 1971 में सभी राजनीतिक दल सीटों की संख्या तय करने के लिए एक साथ आए थे और राष्ट्रीय हित को ध्यान में रखते हुए डीएमके ने उस फ़ैसले को स्वीकार किया था।
