एक ही उड़ान में कुछ यात्रियों को कम तो कुछ को ज्यादा किराया चुकाना पड़ता है। इसकी वजह एयरलाइंस की किराया तय करने की व्यवस्था है। कंपनियां मांग, बुकिंग के समय और खाली सीटों की संख्या के आधार पर किराया बदलती हैं। सस्ती सीटें बिक जाने के बाद अगली श्रेणी का किराया बढ़ जाता है, जिससे यात्री के लिए यह समझना मुश्किल हो जाता है कि टिकट कब सस्ता मिलेगा।
वर्ष 1994 में एयर कारपोरेशन एक्ट खत्म होने के बाद हवाई किराया बाजार आधारित व्यवस्था के तहत तय होने लगा। एयरक्राफ्ट रूल्स, 1937 के नियम 134 के तहत एयरलाइंस परिचालन लागत, सेवा और उचित मुनाफे को ध्यान में रखकर किराया तय करती हैं। सामान्य परिस्थितियों में सरकार टिकट की अधिकतम कीमत निर्धारित नहीं करती। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) की टैरिफ मॉनिटरिंग यूनिट हर महीने 78 चुनिंदा घरेलू मार्गों पर किराये की औचक जांच करती है। सरकार के अनुसार, यह घरेलू हवाई यातायात का करीब 27 प्रतिशत हिस्सा है। जांच का उद्देश्य यह देखना है कि एयरलाइंस अपनी घोषित किराया सीमा से बाहर तो टिकट नहीं बेच रहीं। हालांकि, इस निगरानी से सभी मार्गों पर किराये की स्थिति का पता नहीं चलता।
निगरानी की यह सीमा दिसंबर 2025 के इंडिगो परिचालन संकट के बाद भी सामने आई। भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने 4 फरवरी 2026 को कंपनी के खिलाफ जांच के आदेश दिए। आयोग ने डीजीसीए से 1 से 15 दिसंबर के दौरान मार्गवार और श्रेणीवार औसत किराये का ब्योरा मांगा। डीजीसीए ने जवाब दिया कि यह आंकड़ा उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। इसके बाद डीजीसीए ने प्रमुख एयरलाइंस से सीधे यह जानकारी मांगी।
इसी वर्ष 26 अक्टूबर को भारतीय वायुयान नियम, 2026 अधिसूचित किया गया है, जो 1 जनवरी 2027 से लागू होगा। नए नियमों से किराये की जानकारी में पारदर्शिता बढ़ेगी, लेकिन सस्ती टिकट की गारंटी नहीं मिलेगी। इसके लिए वास्तविक बिक्री कीमतों की नियमित निगरानी और नियमों के उल्लंघन पर समयबद्ध कार्रवाई जरूरी है।
