अभिनेता अर्जुन कपूर और स्पोर्ट्स प्रेजेंटर साहिबा बाली की गुरुपुरब के मौके पर साथ में शेयर की गई एक तस्वीर ने उनके डेटिंग की अफवाहों को फिर से हवा दे दी है। साहिबा ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर की, जिसमें दोनों साथ पोज देते नजर आ रहे हैं। तस्वीर के साथ उन्होंने कैप्शन लिखा, 'मैंने उसका आधा प्रसाद भी खा लिया। हैप्पी गुरपुरब।' यह तस्वीर तेजी से ऑनलाइन वायरल हो गई और फैंस इसे दोनों के रिश्ते की 'सॉफ्ट लॉन्चिंग' मान रहे हैं।

यह पहली बार नहीं है जब अर्जुन और साहिबा के डेटिंग की अफवाहें उड़ी हों। इससे पहले लंदन के लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में भारत बनाम इंग्लैंड के वनडे मैच के दौरान भी दोनों को साथ देखा गया था और तब भी ऐसी ही अफवाहें सामने आई थीं।

तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर होने के बाद इसे रेडिट पर भी पोस्ट किया गया, जहां यूजर्स ने चर्चा की कि क्या दोनों अपने रिश्ते की ओर इशारा कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि यह 'सॉफ्ट लॉन्च' जैसा लग रहा है, जबकि एक अन्य ने कहा कि आधा प्रसाद खाने वाली बात से यह पक्का लगता है कि दोनों डेट कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि अर्जुन से पहले साहिबा का नाम कॉमेडियन कुल्लू और समय रैना के साथ भी जोड़ा गया था, लेकिन साहिबा ने इन कथित रिश्तों पर कभी कोई टिप्पणी नहीं की थी। अब उनका नाम अर्जुन कपूर के साथ जोड़ा जा रहा है। गौरतलब है कि अर्जुन कपूर पहले मलाइका अरोड़ा को डेट करते रहे हैं।