मेरठ के औद्योगिक गलियारे में अमेरिकी कंपनी बॉल कॉर्पोरेशन अपना तीसरा भारतीय प्लांट स्थापित कर रही है। बिजौली स्थित औद्योगिक गलियारे के पहले चरण में कंपनी को 1.59 लाख वर्ग मीटर का भूखंड संख्या 17 आवंटित किया गया है। बुधवार को भूमि पूजन कार्यक्रम में कंपनी की एशिया प्रेजिडेंट मैंडी ग्लू ने बताया कि 2913 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने वाले इस प्लांट में 2029 की शुरुआत में एल्युमिनियम बेवरेज कैन का उत्पादन शुरू हो जाएगा। यह प्लांट औद्योगिक गलियारे का पहला उद्योग होगा।
मैंडी ग्लू के अनुसार, भारत में कंपनी का यह तीसरा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट है। कंपनी 2016 से भारत में काम कर रही है और इसके दो अन्य प्लांट महाराष्ट्र के तलोजा और आंध्र प्रदेश के श्री सिटी में हैं। दुनिया भर में कंपनी के 65 प्लांट हैं, जिनमें 16 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में उद्योग के लिए संसाधन, सुविधाएं और परिस्थितियां अनुकूल हैं, और मेरठ उत्तर भारत का केंद्र बिंदु होने के कारण चुना गया।
कंपनी के एशिया रीजनल कमर्शियल डायरेक्टर मनीष जोशी ने कहा कि भारत में अभी पैक्ड ड्रिंक्स में केवल 3 फीसदी ही कैन में आते हैं, इसलिए कंपनी के लिए बड़ा बाजार उपलब्ध है। अनुमान के मुताबिक वर्ष 2030 तक भारत में बेवरेज कैन की मांग लगभग दोगुनी हो जाएगी। प्लांट से हजारों रोजगार के अवसर बनने और ट्रांसपोर्ट, वेयरहाउसिंग, सप्लायर्स व सर्विस प्रोवाइडर्स की मांग बढ़ने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में सांसद अरुण गोविल और राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर ने कंपनी अधिकारियों से अपील की कि प्लांट स्थापना के दौरान स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षित किया जाए और बाद में उन्हें रोजगार दिया जाए। गोविल ने कहा कि यह औद्योगिक गलियारा और इसका पहला उद्योग किठौर विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए वरदान साबित होगा। मुख्य अतिथि प्रदेश के औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी रहे। कार्यक्रम में कैंट विधायक अमित अग्रवाल, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, अश्विनी त्यागी और जिला पंचायत प्रशासक गौरव चौधरी भी शामिल रहे।
