देहरादून नगर निगम ने शीशमबाड़ा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट और सहस्रधारा रोड स्थित पुराने ट्रेंचिंग ग्राउंड में जमा कूड़े का दोबारा सर्वे कराने का फैसला किया है। यह सर्वे आईआईटी रुड़की की टीम करेगी, जिसके आगामी शुक्रवार को देहरादून पहुंचने की उम्मीद है। नगर निगम ने यह कदम अनुबंधित कंपनी के कूड़ा निस्तारण दावों पर संदेह जताते हुए उठाया है।

कंपनी का दावा है कि इन दोनों स्थलों पर आधे से अधिक कूड़ा निस्तारित किया जा चुका है, लेकिन मौके पर अब भी कूड़े के बड़े ढेर मौजूद हैं। दावों और जमीनी स्थिति में अंतर को देखते हुए निगम ने तकनीकी सर्वे कराने का निर्णय लिया। आईआईटी रुड़की की टीम इससे पहले भी एक बार सर्वे कर चुकी है। ड्रोन सर्वे में कूड़े की मात्रा और निस्तारण की प्रगति का आकलन किया जाएगा, जिससे स्पष्ट हो सकेगा कि कंपनी ने अब तक कितना कूड़ा निस्तारित किया है और कितना शेष है।

मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आनंद शुक्ला ने बताया कि सर्वे रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई और निस्तारण की रणनीति तय होगी। निगम रिपोर्ट के आधार पर कंपनी को भुगतान करेगा या पेनाल्टी लगाएगा। सर्वे का उद्देश्य केवल कूड़े की मात्रा का आकलन करना नहीं, बल्कि वैज्ञानिक और आधुनिक तरीके से निस्तारण का रास्ता तलाशना भी है। आईआईटी रुड़की के विशेषज्ञ शेष कूड़े के निस्तारण के लिए उपलब्ध आधुनिक तकनीकों पर सुझाव देंगे और दोनों प्लांट का संचालन अधिक प्रभावी बनाने के उपाय भी बताएंगे।

सहस्रधारा रोड स्थित पुराने ट्रेंचिंग ग्राउंड में वर्ष 2002 से 2017 तक शहर का कूड़ा डाला जाता रहा। वर्ष 2017 में शीशमबाड़ा में नया कूड़ा निस्तारण प्लांट शुरू होने के बाद पुराना डंपिंग ग्राउंड बंद कर दिया गया, लेकिन वहां जमा लाखों टन कूड़े की समस्या बनी रही। शीशमबाड़ा में भी वर्षों से बड़ी मात्रा में पुराना कूड़ा जमा है। पूर्व में आईआईटी रुड़की को शीशमबाड़ा के पुराने कूड़े की मात्रा और गुणवत्ता का आकलन करने की जिम्मेदारी दी जा चुकी है।