लखनऊ: समाजवादी पार्टी अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का आधिकारिक फेसबुक पेज सोमवार शाम अचानक सस्पेंड हो गया। करीब 90 लाख फॉलोअर्स वाले पेज को खोलने पर 'यह कंटेंट अभी उपलब्ध नहीं है' का संदेश दिख रहा था। पेज पर पार्टी के कार्यक्रमों, बयानों और भाषणों के वीडियो नियमित रूप से पोस्ट किए जाते हैं। पेज के गायब होने से लोग अपने नेता से जुड़ नहीं पा रहे थे, जिसको लेकर यूजर्स ने अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर नाराजगी जताई। करीब एक घंटे बाद पेज फिर से बहाल हो गया।
इस पेज पर आखिरी पोस्ट शाम 7 बजकर 4 मिनट पर किया गया था। इसमें योगगुरु स्वामी रामदेव के बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्रीकृष्ण पर दिए गए बयान के विरोध में वक्तव्य का वीडियो पोस्ट किया गया था। रामदेव ने झारखंड के जमशेदपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में धीरेंद्र शास्त्री पर हमलावर रुख अपनाया था। इसी पर अखिलेश यादव ने लिखा था- अनुलोम-विलोम। इसके बाद अकाउंट सस्पेंड होने की बात सामने आई।
अखिलेश यादव का फेसबुक पेज पहले भी सस्पेंड हो चुका है। 10 अक्टूबर 2025 को भी उनका आधिकारिक पेज सस्पेंड कर दिया गया था, जिसके बाद राजनीति काफी गरमाई थी। सपा ने इसे अघोषित आपातकाल और विपक्षी आवाज को दबाने की कोशिश करार दिया था। उस समय मेटा ने एडल्ट सेक्सुअल एक्सप्लोएटेशन एंड वायलेशन का हवाला दिया गया था। अखिलेश यादव ने पिछली बार पेज सस्पेंड को फ्लैगिंग करार दिया था और अपील के करीब 12 से 16 घंटे में पेज बहाल कर दिया गया था।
इस बार पेज सस्पेंड होने की वजह सामने नहीं आई है। पेज के अचानक गायब होने को लेकर यह भी चर्चा चल रही है कि कहीं इसकी पेज सेटिंग में कोई छेड़छाड़ तो नहीं की गई और पेज की लिमिट रिस्ट्रिक्ट किए जाने की बात कही गई। अब तक मेटा या अखिलेश यादव की ओर से पेज सस्पेंड होने को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। समाजवादी पार्टी अभी यूपी चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी है और पार्टी सोशल मीडिया के जरिए युवाओं और लोगों तक पहुंचती है।
