पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 स्थित सलवान पब्लिक स्कूल ने फीस बकाया का हवाला देते हुए 13 विद्यार्थियों के नाम काटने का नोटिस जारी किया है। स्कूल प्रबंधन की ओर से 23 नवंबर को जारी इस नोटिस में अप्रैल 2025 से नवंबर 2026 तक की फीस बकाया बताई गई है। नोटिस के अनुसार विद्यार्थियों को 26 नवंबर से स्कूल नहीं भेजने का निर्देश दिया गया है। यह कदम मिड टर्म परीक्षा से पहले उठाया गया है, जिससे परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।
अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने मनमाने तरीके से फीस में बढ़ोतरी की है, जबकि इस फीस वृद्धि को शिक्षा निदेशालय से स्वीकृति नहीं मिली है। उनका कहना है कि इसके बावजूद बढ़ी हुई फीस जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है और बच्चों को स्कूल से बाहर करने की चेतावनी दी जा रही है।
अभिभावकों के मुताबिक वे फीस वृद्धि को लेकर पहले भी शिक्षा निदेशालय पहुंचे थे, जहां उन्हें बताया गया था कि बकाया फीस के आधार पर इस तरह विद्यार्थियों के नाम नहीं काटे जा सकते। उनका आरोप है कि स्कूल प्रबंधन अपने फैसले पर अड़ा हुआ है। अभिभावकों का कहना है कि परीक्षा से ठीक पहले इस तरह का कदम बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य और शैक्षणिक भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
इस मामले में स्कूल की प्राचार्य रिचा शर्मा कात्याल से पक्ष जानने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
