मंगलवार को दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र की पहली बरसी है। पिछले साल 24 नवंबर को 89 वर्ष की उम्र में मुंबई स्थित उनके घर पर निधन हुआ था। इस मौके पर उनकी पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भावुक पोस्ट शेयर किया है। 78 वर्षीय हेमा ने चार तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि पूरा एक साल बीत गया, लेकिन उनके दुख की तीव्रता जरा भी कम नहीं हुई है।
अपने पोस्ट में हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र को अपना सब कुछ बताया। उन्होंने लिखा कि वे सिर्फ उनके पति नहीं थे, बल्कि उनके दोस्त, मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र के बिना जिंदगी बहुत खाली लगती है। हेमा ने यह भी लिखा कि धर्मेंद्र सफलता के शिखर पर पहुंचने के बावजूद हमेशा जमीन से जुड़े रहे और उनका स्वभाव सहज और नेक था।
हेमा मालिनी ने अपने पोस्ट में भगवद गीता का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि गीता हमें बताती है कि आत्मा अमर है और उसका पुनर्जन्म होता है, लेकिन वे अभी इसी जीवन में हैं और धर्मेंद्र की प्यार भरी मौजूदगी को याद किए बिना नहीं रह पातीं। पोस्ट के अंत में उन्होंने उन लाखों प्रशंसकों का धन्यवाद किया, जिन्होंने धर्मेंद्र को याद किया और उनके बारे में स्नेहपूर्ण संदेश भेजे।
धर्मेंद्र का जन्म 8 दिसंबर 1935 को पंजाब के नसराली गांव में हुआ था। उनका पूरा नाम धर्मेंद्र केवल कृष्ण देओल था। साल 1960 में 'दिल भी तेरा हम भी तेरे' से उन्होंने एक्टिंग की शुरुआत की। अपने छह दशक से अधिक के करियर में उन्होंने 300 से ज्यादा फिल्में कीं। उम्र संबंधी परेशानियों के कारण निधन से पहले वे करीब 12 दिन ब्रीच कैंडी अस्पताल के ICU में भी रहे थे। उनकी आखिरी फिल्म 'इक्कीस' उनके मरणोपरांत 1 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
