नई दिल्ली। दवा निर्माण के क्षेत्र में भारत दुनिया में 'फार्मेसी ऑफ द वर्ल्ड' के नाम से जाना जाता है। वॉल्यूम के हिसाब से भारतीय फार्मा इंडस्ट्री दुनिया में तीसरे और वैल्यू के हिसाब से 11वें स्थान पर है। राजधानी के यशोभूमि में सोमवार से शुरू हुई तीन दिवसीय CPHI India 2026 प्रदर्शनी में यह जानकारी सामने आई। फार्मेक्सिल के महानिदेशक के. राजा भानु के अनुसार, भारत अब केवल बड़े पैमाने पर जेनेरिक दवाओं तक सीमित नहीं रहना चाहता और जटिल जेनेरिक दवाओं, बायोसिमिलर तथा आधुनिक उपचारों के निर्माण पर ध्यान दे रहा है।

राजा भानु ने बताया कि भारत करीब 200 देशों को दवाओं का निर्यात कर रहा है और 38 देशों के साथ नौ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) हैं, जो फार्मा सेक्टर के लिए करीब 100 अरब डॉलर के नए व्यापारिक अवसर खोल सकते हैं। फेडरेशन ऑफ फार्मा एंटरप्रेन्योर्स (FOPE) के अध्यक्ष हरीश के. जैन के मुताबिक अमेरिका और यूरोप के अलावा लैटिन अमेरिका, अफ्रीका और पूर्वी एशिया के बाजारों में भी भारतीय दवा कंपनियों के लिए व्यापक संभावनाएं हैं और इन बाजारों में भागीदारी बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। अमेरिका को सालाना 9 से 10 अरब डॉलर की दवाओं का निर्यात होता है।

इंफॉर्मा मार्केट्स के एमडी योगेश मुद्रास के अनुसार वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का फार्मास्युटिकल कारोबार 5.08 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है और पिछले पांच वर्षों में इस क्षेत्र ने औसतन 9.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। चिकित्सा उपकरणों के घरेलू विनिर्माण में भी विस्तार हुआ है, जो वित्त वर्ष 2019-20 के 28,000 करोड़ रुपये से बढ़कर वित्त वर्ष 2024-25 में 41,500 करोड़ रुपये हो गया, यानी करीब 48.2 फीसदी की वृद्धि।

प्रदर्शनी के बारे में बताया गया कि इस बार CPHI India का आयोजन पहली बार दो अलग स्थानों पर हो रहा है। 23 से 25 नवंबर तक यशोभूमि में CPHI India और 24 से 26 नवंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में PMEC India का आयोजन होगा। दोनों प्रदर्शनियों में 2,000 से अधिक प्रदर्शकों के शामिल होने और 120 से ज्यादा देशों के लगभग 50 हजार आगंतुकों के पहुंचने की उम्मीद है।