मेरठ के बनियापाड़ा निवासी 22 वर्षीय उजैद उर्फ जुबेर को कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया है। पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार, सोशल मीडिया पर भारत विरोधी सामग्री देखने और एक वीडियो पर 'हम भी तैयार हैं' कमेंट करने से उसका संपर्क कथित तौर पर आतंकी नेटवर्क से जुड़ गया। आरोप है कि पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (POK) से जुड़े संदिग्धों के संपर्क में रहते हुए उसने ऑनलाइन कट्टरपंथी मॉड्यूल संचालित किया और इंस्टाग्राम, सेशन तथा सिग्नल जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए किशोरों को जिहाद और आतंकवादी गतिविधियों के लिए उकसाने का प्रयास किया।

यह मामला जम्मू-कश्मीर के थाना बाहु फोर्ट में 24 नवंबर 2025 को मुकदमा संख्या 331/2025, धारा 113(3) बीएनएस के तहत दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान सामने आया। जांच में जम्मू के रियासी निवासी मोहम्मद साजिद का पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध व्यक्तियों के संपर्क में रहने और सोशल मीडिया के माध्यम से कथित आतंकी गतिविधियों से जुड़े ग्रुप संचालित करने की जानकारी मिली। इस दौरान चार संदिग्ध इंस्टाग्राम आईडी का पता चला, जिनमें एक मेरठ, एक किश्तवाड़ और दो पाकिस्तान से संबंधित थीं। मेरठ की आईडी के संचालक की तलाश में जम्मू पुलिस ने मेरठ पुलिस के सहयोग से 18 जनवरी और 21 फरवरी 2026 को दबिश दी थी, लेकिन उजैद फरार चल रहा था। इसके बाद एसएसपी मेरठ के निर्देश पर एसपी सिटी के नेतृत्व में टीम गठित की गई और मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस पूछताछ में उजैद ने बताया कि वह इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर भारत विरोधी सामग्री तथा पाकिस्तानी आतंकी मसूद अजहर, तारिक मसूद और डॉ. इसरार अहमद के वीडियो देखता था। ऐसे ही एक वीडियो पर कमेंट करने के बाद जम्मू निवासी मोहम्मद साजिद उसके संपर्क में आया। आरोप है कि इसके बाद वह भड़काऊ ऑडियो प्राप्त कर किशोरों को भेजता था और 14 वर्ष से अधिक उम्र के किशोरों को जिहाद तथा आतंकवादी गतिविधियों के लिए प्रेरित करने का प्रयास करता था। ऑडियो भेजने के बाद उन्हें डिलीट कर दिया जाता था।

जांच में इंस्टाग्राम और सेशन एप पर 'Tuition-40' और 'Brigade' नाम से ग्रुप बनाए जाने की जानकारी सामने आई है, जिनमें POK निवासी अमीर हमजा, पाकिस्तान के पंजाब निवासी अबू मुसाब, फुरकान, कामरान और अन्य संदिग्ध शामिल थे। पुलिस के अनुसार इन ग्रुपों के संचालन में उजैद की मुख्य भूमिका थी और वह साजिद के संपर्क में रहने के लिए इंस्टाग्राम, सेशन और सिग्नल एप का इस्तेमाल करता था। इंस्टाग्राम पर 'Al-Muzzahid' नाम का एक अन्य ग्रुप भी मिला, जिसमें उजैद, साजिद, अमीर हमजा और अबू मुसाब शामिल थे। एक व्हाट्सएप ग्रुप के तार कथित तौर पर मुजाहिदीन और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े होने की बात भी सामने आई है। पुलिस जांच में पाकिस्तान के गैंगस्टर शहजाद भट्टी के सोशल मीडिया अकाउंट से भी इन संदिग्ध गतिविधियों के संबंध की जानकारी मिली है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में नवंबर 2025 में आर्मी के किसी बड़े कैंप या सैन्य काफिले पर फिदायीन हमला करने की योजना का भी खुलासा हुआ है।