जम्मू-कश्मीर के अखनूर में एके-47 राइफल की तीन मैगजीन और 90 जिंदा कारतूस बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। बरामदगी के बाद सेना ने इन्हें अपना सामान बताया, जिसके चलते स्थिति स्पष्ट हो गई।

संवाद सहयोगी, अखनूर (जम्मू)। अखनूर के कोटेवाला स्थित बनी मोड़ माइग्रेंट कैंप के नजदीक बलवाल ब्राह्मणा क्षेत्र में पीर बाबा के स्थान के पास एक जैकेट के साथ एके-47 राइफल की तीन मैगजीन और 90 जिंदा कारतूस पड़े मिले। संदिग्ध सामान की बरामदगी की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में सनसनी और दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों की नजर वहां पड़ी जैकेट और उसके साथ रखे संदिग्ध सामान पर पड़ी। जांच में एके-47 की तीन मैगजीन और 90 जिंदा कारतूस होने की पुष्टि हुई। इसकी सूचना तुरंत संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को दी गई। सूचना मिलते ही सेना और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और बरामद सामान को अपने कब्जे में ले लिया। सुरक्षा एजेंसियों ने आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया और मामले की जांच शुरू की।

इसी दौरान सेना के अधिकारियों ने बरामद तीनों मैगजीन और 90 जिंदा कारतूस को अपनी सेना से संबंधित बताया। इसके बाद पुलिस ने सेना के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं और बरामद सामान उन्हें वापस सौंप दिया।

माइग्रेंट कैंप और धार्मिक स्थल के नजदीक इस तरह की बरामदगी से क्षेत्र में कुछ समय के लिए चिंता का माहौल बन गया था। हालांकि, सेना के अधिकारियों की ओर से सामान को अपना बताए जाने के बाद मामले की स्थिति स्पष्ट हो गई। इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया है।