दिल्ली सरकार ने हिंदी, संस्कृत, पंजाबी, मैथिली-भोजपुरी तथा गढ़वाली, कुमाऊंनी व जौनसारी अकादमी की गवर्निंग काउंसिल का पुनर्गठन किया है। कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार पांचों अकादमियों की गवर्निंग काउंसिल में कुल 101 सदस्य शामिल किए गए हैं। एक वरिष्ठ पत्रकार को हिंदी अकादमी का सदस्य मनोनीत किया गया है।

अधिसूचना के मुताबिक संबंधित अकादमी के अध्यक्ष कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री होंगे, जबकि वित्त विभाग के प्रधान सचिव और कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग के सचिव पदेन सदस्य होंगे। अकादमियों के उपाध्यक्ष और सदस्यों के नाम भी अधिसूचना में जारी किए गए हैं।

हिंदी अकादमी के उपाध्यक्ष अनिल अग्रवंशी हैं, जबकि सदस्यों में गजेंद्र सोलंकी, रितु गोयल, भुवनेश सिंघल, प्रवीण आर्य, रितु दुबे तिवारी, प्रो. कृष्ण शर्मा, प्रो. ममता वालिया, सोनाली मिश्रा, जय सिंह आर्य, मनोज शर्मा, जितेंद्र वीर कालरा, मुकेश अग्रवाल, डॉ. कीर्ति काले, डॉ. नवीन गुप्ता और एक वरिष्ठ पत्रकार के नाम शामिल हैं। संस्कृत अकादमी के उपाध्यक्ष प्रो. यशवीर सिंह बनाए गए हैं। पंजाबी अकादमी के उपाध्यक्ष सरदार इम्प्रीत सिंह बख्शी, मैथिली-भोजपुरी अकादमी के उपाध्यक्ष बिपिन बिहारी और गढ़वाली, कुमाऊंनी व जौनसारी अकादमी के उपाध्यक्ष डॉ. धीरज जोशी हैं।

विभाग की अधिसूचना के अनुसार सभी अकादमियों की गवर्निंग काउंसिल के सदस्यों का कार्यकाल अधिसूचना जारी होने की तारीख से दो वर्ष का होगा। पदेन सदस्यों को इस शर्त से अलग रखा गया है। सभी अकादमियों के सचिव सदस्य सचिव की जिम्मेदारी निभाएंगे।