ब्रिटेन के प्रिंस विलियम ने बुधवार को मुंबई के अंधेरी स्थित धर्मा प्रोडक्शंस के ऑफिस का दौरा किया। यहां उन्होंने करीब 45 मिनट बिताए। इस दौरान करण जौहर, सैफ अली खान, करीना कपूर खान और कंपनी के सीईओ अपूर्व मेहता ने उनका स्वागत किया। मुलाकात में भारतीय सिनेमा के संगीत और नृत्य के साथ-साथ भारत और ब्रिटेन के सांस्कृतिक संबंधों पर भी बातें हुईं।
इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें पारंपरिक परिधानों में सजे कलाकारों ने फिल्म 'कभी खुशी, कभी गम' के गीतों 'शावा शावा' और 'बोले चूड़ियां' पर नृत्य पेश किया। इस दौरान फिल्म का टाइटल सॉन्ग भी बैकग्राउंड में बजता रहा। मेहमानों के लिए विभिन्न प्रकार के व्यंजनों की व्यवस्था की गई थी।
करण जौहर ने प्रिंस विलियम को भारतीय सिनेमा की वैश्विक लोकप्रियता के बारे में बताया और कहा कि देश में तेलुगु, मलयालम, मराठी, गुजराती और तमिल जैसी कई भाषाओं में फिल्में बनती हैं। उन्होंने कहा कि यह सिनेमा सिर्फ बॉलीवुड नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा है। जौहर ने एस. एस. राजामौली की फिल्म 'आरआरआर' और 'बाहुबली' का भी जिक्र किया। उन्होंने प्रिंस से 'कभी खुशी, कभी गम' देखने का आग्रह किया, जिसकी अधिकतर शूटिंग ब्रिटेन में हुई थी। जौहर के अनुसार, प्रिंस ने तीन घंटे 32 मिनट की इस फिल्म को देखने का वादा किया।
बातचीत में सैफ अली खान और करीना कपूर खान ने भी हिस्सा लिया और शहर के प्रति अपने लगाव का जिक्र किया। जौहर ने बताया कि प्रिंस के साथ क्रिकेट पर भी चर्चा हुई, क्योंकि यह खेल दोनों देशों में काफी लोकप्रिय है। प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन भारत के तीन दिनों के दौरे पर हैं। इससे पहले दिन में प्रिंसेस कैथरीन ने नौरोसजी वाडिया मैटरनिटी हॉस्पिटल का दौरा किया और अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारियों, डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ से मुलाकात की।
