अलीगढ़ के गंगीरी क्षेत्र के एक गांव में पांच बच्चों की मां इंस्टाग्राम पर हुए प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी रही। पति ने दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के समझाने के बाद महिला पति के साथ लौट गई।
अलीगढ़। थाना गंगीरी क्षेत्र के एक गांव निवासी पांच बच्चों की मां की इंस्टाग्राम आईडी के जरिए श्रावस्ती जिले के एक गांव निवासी युवक से बातचीत शुरू हुई। बातचीत आगे बढ़ने पर दोनों के बीच मुलाकातें होने लगीं और दोनों एक-दूसरे से प्यार करने लगे। महिला ने प्रेमी के साथ रहने की तैयारी कर ली और जरूरत पड़ने पर दोनों आपस में रुपयों का लेन-देन भी करने लगे।
महिला ने दो दिन पहले अपने प्रेमी को एक हजार रुपये ऑनलाइन भेजे, जिससे वह किराये के लिए गंगीरी पहुंच सके। शुक्रवार की सुबह प्रेमी गंगीरी चौराहे पर आ गया। महिला भी घर से एक अबोध बच्चे को लेकर वहां पहुंची और दोनों वहां से जाने की तैयारी में थे।
इसी दौरान महिला का पति वहां पहुंच गया और उसने दोनों को पकड़ लिया। पति ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस महिला और उसके प्रेमी को थाने ले आई, जहां महिला प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी रही। पुलिस ने उसे काफी समझाया और प्रेमी को छोड़ने के बाद महिला अपने पति के साथ चली गई।
