श्रद्धा वालकर हत्याकांड के आरोपी आफताब अमीन पूनावाला की कोर्ट सुनवाई उसकी इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की परीक्षाओं के कारण स्थगित हो गई है। साकेत कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई एक दिसंबर को दोपहर दो बजे तय की है, जिसमें अभियोजन पक्ष के गवाहों की गवाही दर्ज की जाएगी।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश हरगुरविंदर सिंह जग्गी की कोर्ट में बृहस्पतिवार को मामले की सुनवाई हुई। इस दौरान आफताब को तिहाड़ जेल के केंद्रीय कारागार नंबर चार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश किया गया। आफताब ने कोर्ट को बताया कि उसकी इग्नू परीक्षाएं 26 नवंबर से 17 दिसंबर तक निर्धारित हैं और सभी स्लॉट दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक हैं। इस आधार पर उसने सुनवाई के लिए सुविधाजनक तारीख देने का अनुरोध किया।
कोर्ट को जानकारी दी गई कि आफताब ने 19 नवंबर को जेल प्रशासन के माध्यम से यह अनुरोध पत्र भेजा था, जो 26 नवंबर को कोर्ट को प्राप्त हुआ। विशेष लोक अभियोजक मधुकर पांडेय ने भी इस संबंध में कोर्ट को जानकारी दी। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि 27 नवंबर को पहले से ही एक अन्य समयबद्ध मामले की सुनवाई निर्धारित है, इसलिए अगले दिन इस मामले की सुनवाई संभव नहीं है।
कोर्ट ने गवाह पीडब्ल्यू-139 इंस्पेक्टर सूरज, पीडब्ल्यू-151 इंस्पेक्टर संजय सिंह और पीडब्ल्यू-118 एसआई अंकित शर्मा को समन जारी करने के निर्देश दिए। अगली सुनवाई पर पहले इंस्पेक्टर सूरज और उसके बाद इंस्पेक्टर संजय सिंह की गवाही दर्ज की जाएगी।
