खंडवा: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव हाल ही में खंडवा दौरे पर पहुंचे थे। तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में उनके दौरे के दौरान एक ऐसा दृश्य देखने को मिला जो चर्चा का विषय बन गया। मुख्यमंत्री ने अपने निर्धारित कार्यक्रम से हटकर ओंकार पर्वत की दुर्गम पहाड़ियों पर स्थित भैरव गुफा में निवास कर रहे अवधूत संत सुखदेव मुनि से भेंट की। अपनी कठोर साधना और वैराग्य के लिए प्रसिद्ध संत ने मुख्यमंत्री द्वारा अर्पित शॉल-श्रीफल स्वीकार नहीं किया और न ही कोई प्रतिक्रिया या आशीर्वाद दिया।

मुख्यमंत्री मोहन यादव दादा गुरु की नर्मदा यात्रा में शामिल होने के लिए ओंकारेश्वर पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने एकांतवासी संत सुखदेव मुनि के दर्शन करने का निर्णय लिया। उनके साथ कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री स्वयं दुर्गम और पथरीले रास्तों को पैदल पार कर ओंकार पर्वत की शांत ढलानों पर बनी गुफा तक पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने संत को सम्मानस्वरूप शॉल और श्रीफल भेंट किया, लेकिन सांसारिक मोह-माया से विरक्त संत अपनी साधना में अविचल रहे।

बताया जाता है कि संत सुखदेव मुनि पिछले तीन दशकों से भी अधिक समय से पूर्ण मौन धारण किए हुए हैं। वे प्रतिदिन सूर्य की ओर मुख करके कठोर तपस्या में लीन रहते हैं। वे न तो किसी से संवाद करते हैं और न ही किसी के आगमन या प्रस्थान से उन पर कोई प्रभाव पड़ता है। गजानन आश्रम के सेवादार निःस्वार्थ भाव से उनकी सेवा और देखरेख में जुटे रहते हैं।

आज के भौतिकतावादी दौर में जहां आध्यात्मिकता को अक्सर भव्य आयोजनों और सुविधाओं से जोड़कर देखा जाता है, वहीं संत सुखदेव मुनि का जीवन सच्चे त्याग और वैराग्य का एक विरल उदाहरण माना जा रहा है। प्रकृति की गोद में बिना किसी अपेक्षा या भौतिक सहायता के उनका यह तपस्वी जीवन गहन साधना का दृष्टांत प्रस्तुत करता है।