मधुबनी जिले के झंझारपुर में गुरुवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश पवन कुमार पांडेय के न्यायालय में दिवंगत आर्मी जवान मनीष कुमार चौधरी की मां मीरा देवी को मुआवजे का चेक सौंपा गया। नेशनल इंश्योरेंस कंपनी ने 53,03,740.75 रुपये का चेक न्यायालय में जमा किया था, जो अब मां को दिया गया है। दरभंगा जिले के सकतपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर निवासी विष्णुकांत चौधरी के 22 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार चौधरी सेना में जवान थे। 22 जनवरी 2015 को सकरी कट के समीप एनएच-27 पर सड़क दुर्घटना में उनकी मौत हो गई थी।

जवान की मौत के बाद स्वजन ने मुआवजे के लिए जिला न्यायालय का दरवाजा खटखटाया और 40 लाख रुपये मुआवजे का दावा किया। इस पर 15 फरवरी 2021 को न्यायालय ने 37,81,920 रुपये छह प्रतिशत ब्याज के साथ भुगतान करने का आदेश दिया। हालांकि, आदेश के बावजूद बीमा कंपनी ने मुआवजे की राशि का भुगतान नहीं किया, जिसके बाद निष्पादन वाद दायर किया गया। बीमा कंपनी के बैंक खाते को फ्रीज करने की कार्रवाई भी हुई, लेकिन भुगतान में टालमटोल जारी रही।

लगातार देरी और आदेश की अवहेलना पर न्यायालय ने 18 नवंबर 2026 को नेशनल इंश्योरेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने का आदेश दिया। कार्रवाई के दबाव में कंपनी ने 25 नवंबर को 53,03,740.75 रुपये का चेक न्यायालय में जमा किया।

वरीय अधिवक्ता मदन मोहन यादव ने कहा कि पीड़ित परिवारों को न्याय पाने के लिए धैर्य के साथ कानूनी लड़ाई लड़नी चाहिए। उन्होंने इसे बीमा कंपनी की जवाबदेही सुनिश्चित कराने की अहम मिसाल बताया। 11 साल के लंबे इंतजार के बाद मिली यह राशि परिवार के लिए न्यायालय के संघर्षपूर्ण प्रयासों का परिणाम है।