एटा जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव कठौली निवासी तेजवीर (30) बुधवार को अपनी बेटी गीता (3) और बेटे युवराज (4) को बाइक पर बैठाकर जैकेट खरीदने के लिए वाहनपुर जा रहे थे। गांव से करीब दो किलोमीटर दूर पीछे से आए तेज रफ्तार लोडर वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेजवीर हेलमेट नहीं लगाए हुए थे। हादसे में गीता और युवराज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तेजवीर ने मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। दुर्घटना में लोडर वाहन दो हिस्सों में टूट गया और उसका चालक दलवीर निवासी गांव जंगलपुर थाना बागवाला घायल हो गया, जिसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
एटा पुलिस के मुताबिक, तेजवीर की शादी 11 वर्ष पहले अमांपुर निवासी तारा से हुई थी। परिवार में बड़ी बेटी गुंजन (आठ) और आठ माह की बेटी रूबी है। परिवार में तेजवीर की चचेरी बहन ज्योति पुत्री देशराज की 27 नवंबर को गोद भराई की रस्म होनी थी, जिसे रद्द करना पड़ा।
पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को तीनों का अंतिम संस्कार हुआ। अंतिम संस्कार के दौरान दृश्य बेहद हृदयविदारक था। पिता तेजवीर की चिता बीच में लगाई गई, जबकि एक ओर बेटी गीता का अंतिम संस्कार किया गया और दूसरी ओर बेटे युवराज को दफनाया गया।
तीनों की अर्थियां एक साथ उठीं तो पूरा गांव बिलख पड़ा और हर आंख नम हो गई। गांव में मातम पसरा रहा और कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले।
