मुरादाबाद के केजीके कॉलेज में एक छात्रा से कथित छेड़छाड़ के मामले में कॉलेज स्तर पर जांच शुरू हो गई है। प्राचार्य ने मामले की जांच आंतरिक शिकायत समिति को सौंपी है। समिति पीड़ित छात्रा और आरोपी पुस्तकालय कर्मचारी के बयान दर्ज कर सोमवार तक अपनी रिपोर्ट प्राचार्य को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर कॉलेज प्रशासन आगे की कार्रवाई करेगा। आरोपी कर्मचारी धर्मेंद्र त्यागी को नोटिस जारी कर समिति के समक्ष अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए गए हैं। समिति में तीन महिला और दो पुरुष प्रोफेसरों के अलावा एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और तीन छात्राएं शामिल हैं।

मामला 23 नवंबर का है। आरोप है कि पुस्तकालय में किताब जारी कराने पहुंची छात्रा के साथ पुस्तकालय कर्मचारी ने छेड़छाड़ की। छात्रा के विरोध के बाद भी कर्मचारी की हरकतें जारी रहीं। छात्रा ने एकाउंटेंट अजय कपूर को घटना बताई, जिन्होंने आरोपी कर्मचारी को फटकार लगाई। छात्रा ने घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी, जिसके बाद मझोला थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया गया।

पुलिस ने बताया है कि छात्रा अनुसूचित जाति की है, ऐसे में प्राथमिकी में एससी-एसटी एक्ट की धारा बढ़ाई जाएगी। अब इस प्रकरण की जांच सीओ सिविल लाइंस भास्कर कुमार मिश्रा करेंगे। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच कॉलेज में यह मामला चर्चा का विषय बना रहा। पुस्तकालय में पढ़ाई और किताबें जारी कराने के लिए बड़ी संख्या में छात्राएं पहुंचती हैं, ऐसे में घटना को लेकर छात्राओं में नाराजगी है और उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह ने बताया कि आंतरिक शिकायत समिति को जांच सौंपी गई है और रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।