गोपालगंज की एसडीएम डॉ. प्रेरणा सिंह और उनके पति रितेश कुमार, जो पटना के नई राजधानी अवर पथ प्रमंडल-2 में सहायक अभियंता हैं, के बैंक लॉकर से 62.65 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) के अनुसार, एसबीआई की आनंदपुरी शाखा स्थित दंपती के संयुक्त लॉकर की जांच के बाद यह बरामदगी हुई। एसवीयू के मुताबिक, ये आभूषण विवाह के बाद अलग-अलग तिथियों पर खरीदे गए थे। मंगलवार को दंपती के ठिकानों पर छापेमारी के बाद जांच में लगातार नई संपत्तियों का पता चल रहा है, और लॉकर की जांच भी इसी अनुसंधान का हिस्सा थी।

एसवीयू के अनुसार, दंपती की कुल आय 2 करोड़ 36 लाख रुपये पाई गई है, जबकि उनके पास 5 करोड़ 31 लाख 72 हजार रुपये की चल-अचल संपत्ति मिली है। इस तरह आय से 3 करोड़ 59 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति होने का खुलासा हुआ है। छापेमारी के बाद एसवीयू ने आय से 84 प्रतिशत अधिक संपत्ति की जानकारी दी थी, जो सत्यापन और अन्य बरामदगियों के बाद बढ़कर 152.42 प्रतिशत हो गई है। जांच एजेंसी संपत्तियों और आय के स्रोतों से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन कर रही है।

छापेमारी में पटना के दानापुर में दंपती के नाम पर जी प्लस चार का मकान, चार भूखंड और एक फ्लैट खरीदे जाने की जानकारी मिली थी, जबकि रोहतास में भी एक भूखंड का पता चला था। दानापुर के चंद्रशेखर नगर में रितेश कुमार के नाम पर 8100 वर्गफीट जमीन पर बना जी प्लस चार का मकान मिला है, जिसकी अनुमानित लागत 1.60 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा नौ लाख रुपये में 10-10 ग्राम के छह सोने के सिक्के खरीदे जाने की रसीद भी मिली है।

एसवीयू के अनुसार, दंपती के नाम पर हुंडई क्रेटा और होंडा एक्टिवा भी मिली हैं। एसडीएम गोपालगंज का बोर्ड लगी एक स्कार्पियो गाड़ी भी बरामद हुई है, जिसे एसवीयू ने बेनामी बताया है। एजेंसी वाहन के स्वामित्व और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।