भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) में व्हीलचेयर और उपकरणों की खरीद में कथित कमीशनखोरी की सीबीआई जांच का दायरा बढ़ गया है। सीबीआई की पांच सदस्यीय टीम ने शुक्रवार को कानपुर स्थित संस्थान में करीब आठ घंटे छानबीन की और 400 करोड़ रुपये से अधिक की खरीद से जुड़ी 50 से ज्यादा फाइलें जब्त कीं। टीम दोपहर करीब 12 बजे एलिम्को पहुंची और रात 8:30 बजे तक विभिन्न विभागों की फाइलें खंगालती रही। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ भी की गई। व्हीलचेयर की आपूर्ति, उपकरणों की खरीद, ठेकों के आवंटन और डीलरों को दिए गए कमीशन से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की गई।

शिकायतकर्ता सुकांत कुमार के मुताबिक उन्होंने 31 अगस्त को सीबीआई को शिकायत देकर एलिम्को में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग की थी। कार्रवाई आगे न बढ़ने पर उन्होंने 22 अक्टूबर को इलाहाबाद हाईकोर्ट में रिट याचिका दायर की, जिसका नंबर 2430/2026 है। हाईकोर्ट ने सक्षम जांच एजेंसी के समक्ष अपनी बात रखने का आदेश दिया था, जिसके बाद सीबीआई को दोबारा प्रत्यावेदन दिया गया। धनतेरस से पहले सीबीआई ने उन्हें कार्यालय बुलाकर मामले से जुड़े तथ्यों और दस्तावेजों के संबंध में पूछताछ की थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एलिम्को ने 22 दिसंबर 2023 को ओडिशा चुनाव के लिए 34.53 करोड़ रुपये की व्हीलचेयर की आपूर्ति की थी, जिसमें डीलर को 4.14 करोड़ रुपये कमीशन दिया गया। इसी तरह 11 फरवरी 2026 को गुजरात सरकार को 22.95 करोड़ रुपये की आपूर्ति पर 2.80 करोड़ और 23 मार्च 2026 को 13.12 करोड़ रुपये की आपूर्ति पर 1.58 करोड़ रुपये कमीशन दिए जाने का आरोप है। शिकायतकर्ता के मुताबिक डीलर को करीब 12 प्रतिशत कमीशन दिया जाता है। एक ही फर्म को ज्यादातर ठेके देने पर भी सवाल उठाए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक बिहार और झारखंड सरकारों को उपकरणों की आपूर्ति में भी करोड़ों रुपये के कथित कमीशन का मामला सामने आने की चर्चा है।

एलिम्को के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक प्रवीण कुमार ने बताया कि सीबीआई की टीम ने जांच में जो भी सहयोग मांगा वह दिया गया है। एक-दो चीजें अगले दो से तीन दिनों में उन्हें दे दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि संस्थान में प्रक्रिया पारदर्शी है और सभी डीलरों से नियमानुसार काम कराया जाता है।