मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने एक अहम फैसले में कहा है कि जीवन बीमा पॉलिसी में पत्नी को एकमात्र नॉमिनी बनाए जाने पर बीमा राशि की हकदार भी वही होगी। माता-पिता और बहन केवल कानूनी वारिस होने के आधार पर बीमा राशि में हिस्सा नहीं मांग सकते। न्यायमूर्ति विवेक जैन की एकलपीठ ने नरसिंहपुर निवासी नोनिका बडगुजर की सिविल रिवीजन स्वीकार करते हुए अधीनस्थ अदालत का आदेश निरस्त कर दिया और बीमा अधिनियम, 1938 की धारा 39(7) के प्रावधानों की व्याख्या की। अधिवक्ता अजय शंकर उपाध्याय ने पक्ष रखा।

मामला एमटीएनएल कर्मचारी मुकेश कहार की मृत्यु के बाद बीमा राशि के बंटवारे से जुड़ा था। मुकेश ने आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस की पॉलिसी में अपनी पत्नी मोनिका को एकमात्र नॉमिनी बनाया था। उनकी मृत्यु 10 जुलाई 2017 को हुई थी। इसके बाद माता-पिता और बहन ने उत्तराधिकार प्रमाण-पत्र के लिए अदालत में आवेदन किया।

24 नवंबर 2023 को सिविल कोर्ट ने बीमा, पीएफ और ग्रेच्युटी की राशि पत्नी, माता, पिता और बहन के बीच बराबर बांटने का आदेश दिया था। इस आदेश को चतुर्थ जिला न्यायाधीश, नरसिंहपुर के 12 मार्च 2025 के आदेश के जरिए बरकरार रखा गया। पत्नी ने इस आदेश को हाई कोर्ट में चुनौती दी।

हाई कोर्ट ने बीमा राशि के संबंध में अधीनस्थ अदालत का आदेश पलटते हुए पत्नी को एकमात्र लाभार्थी माना। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि हर नॉमिनी स्वतः मालिक नहीं होता। कानून के तहत लाभार्थी की स्थिति संबंधित रिश्ते, नामांकन की परिस्थितियों और धारा 39(7) की शर्तों पर निर्भर करेगी।