राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) रविवार को दिल्ली के रोहिणी इलाके में 'राष्ट्र वंदनम' नाम से एक बड़ा कार्यक्रम कर रहा है। संघ की स्थापना के 101 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम में RSS प्रमुख मोहन भागवत और पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस जगदीश सिंह खेहर शामिल होंगे। RSS नेता नरेंद्र ठाकुर के अनुसार, कार्यक्रम में राजनेताओं, उद्योगपतियों समेत अलग-अलग क्षेत्रों की हस्तियों को भी आमंत्रित किया गया है।
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अब तक 85 हजार से ज्यादा RSS स्वयंसेवकों और करीब 75 हजार अन्य लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। आयोजन में करीब 9 हजार स्वयंसेवक योगासन करेंगे, जबकि 800 स्वयंसेवक संघ के पारंपरिक मार्चिंग बैंड की प्रस्तुति देंगे।
RSS के मुताबिक, इस कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी परंपराओं, आत्मनिर्भरता और नशामुक्त समाज का संदेश देना है।
बता दें कि मोहन भागवत ने 27 नवंबर को दिल्ली में नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी की किताब 'करुणानायक राम' के लोकार्पण समारोह में कहा था कि रावण अहंकारी था, जबकि राम करुणा के प्रतीक थे। वहीं, 25 नवंबर को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में पांचवें पद्मा फेस्टिवल के उद्घाटन समारोह में उन्होंने कहा था कि आज के युवाओं को झूठ पसंद नहीं है और वे सच बोलने वालों के साथ खड़े होने को तैयार रहते हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि देश को बाहरी दुश्मनों से ज्यादा अंदरूनी खतरों से सतर्क रहने की जरूरत है।
