कटड़ा में श्री राजमाता जी आश्रम शनि मंदिर में आयोजित चार दिवसीय सत्संग अनुष्ठान के तीसरे दिन प्रथम भव्य छड़ी यात्रा की घोषणा की गई। यह यात्रा आगामी महाशिवरात्रि, छह मार्च 2027 को जम्मू से श्रीनगर स्थित ऐतिहासिक शंकराचार्य मंदिर के लिए रवाना होगी। श्री राजमाता झंडेवाला मंदिर समूह के परमाध्यक्ष स्वामी राजेश्वरानंद राजगुरु महाराज के सान्निध्य और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रदेश प्रमुख मनीष साहनी के नेतृत्व में श्रद्धालु जम्मू से कश्मीर जाएंगे।

प्रबुद्ध नागरिकों की गोष्ठी में स्वामी राजेश्वरानंद ने कहा कि धार्मिक एकता से ही शांति स्थापित हो सकती है। उन्होंने सभी संप्रदायों और समुदायों को यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया। संयुक्त संबोधन में बताया गया कि शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के दिशा-निर्देशों पर शुरू हो रही यह यात्रा 43 वर्ष से जारी माता वैष्णो देवी छड़ी यात्रा की परंपरा का विस्तार है।

आयोजकों के अनुसार, 2027 से हर वर्ष होने वाली यह यात्रा देश-दुनिया को संदेश देगी कि जम्मू-कश्मीर अमन बहाली, पर्यटन और सौहार्द की ओर अग्रसर है। उन्होंने उपराज्यपाल प्रशासन से यात्रा के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक अनुमति देने की अपील की और शिवभक्तों तथा प्रदेशवासियों से इसे सफल बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर संजय भट्ट, राजू कपूर और आदित्य महाजन उपस्थित रहे।

पत्रकारों से बातचीत में स्वामी राजेश्वरानंद और मनीष साहनी ने श्री अमरनाथ यात्रा मार्ग पर पवित्र शेषनाग झील के आसपास भारी मशीनों से हो रही खोदाई पर चिंता जताई। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि मार्ग चौड़ीकरण के नाम पर हिमालय के संवेदनशील पारिस्थितिकी तंत्र और झील के पौराणिक स्वरूप को नुकसान न पहुंचाया जाए। उनका कहना था कि आस्था और प्रकृति की रक्षा के लिए मार्ग निर्माण पर्यावरणविदों और धर्माचार्यों की सलाह से किया जाए।