प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का 140वां एपिसोड आज सुबह 11 बजे आकाशवाणी पर प्रसारित होगा। इस एपिसोड में पीएम मोदी जनगणना की शुरुआत, सर्दियों में देखभाल और आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) जैसे विषयों पर अपनी बात रख सकते हैं।

हाल ही में पीएम मोदी ने आईटीआई के बच्चों के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लिया था। उस कार्यक्रम में उन्होंने कहा था कि अगर किसी के पास स्किल है तो कोई AI उसका रोजगार नहीं छीन सकता। माना जा रहा है कि इस एपिसोड में वे इसी विषय को आगे बढ़ा सकते हैं। इसके अलावा वे नवंबर में हुए आसियान समिट से जुड़ी कुछ बातें भी साझा कर सकते हैं।

बता दें कि 'मन की बात' के 139वें एपिसोड में पीएम मोदी ने कहा था कि भारत के स्थानीय उत्पादों की वैश्विक मांग बढ़ रही है। उन्होंने बिहार के पूर्णिया के मखाना और कर्नाटक के कलबुर्गी की अरहर दाल का उदाहरण देते हुए कहा था कि ये उत्पाद अब ग्रीस और मालदीव पहुंच रहे हैं, जिससे देश के किसानों के लिए दुनिया भर में नए अवसर खुल रहे हैं।

इससे पहले 138वें एपिसोड में पीएम मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो टॉलरेंस की नीति पर बात की थी। 137वें एपिसोड में उन्होंने युवाओं से नशा मुक्त भारत अभियान को प्रमोट करने की अपील की थी, जबकि 136वें एपिसोड में उन्होंने देश के युवाओं की सराहना की थी।