प्रयागराज। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने गाजियाबाद में हाईटेक टाउनशिप के लिए हुए भूमि अधिग्रहण को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी है। न्यायमूर्ति सिद्धार्थ वर्मा और न्यायमूर्ति कुनाल रवि सिंह की खंडपीठ ने कहा कि अधिग्रहण प्रक्रिया समाप्त घोषित कराने का अधिकार केवल वास्तविक भूमिधर को है, कोई अन्य व्यक्ति इस आधार पर अधिग्रहण को चुनौती नहीं दे सकता। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि याची का जमीन पर कोई अधिकार शेष नहीं है, हालांकि उसकी मां अधिग्रहित हिस्से के बदले मुआवजे की हकदार हैं।

याचिका में गांव नैफल स्थित जमीन के अधिग्रहण को चुनौती दी गई थी। याची का कहना था कि राज्य सरकार ने 27 नवंबर 2009 को धारा चार और सात अगस्त 2010 को धारा छह के तहत अधिसूचनाएं जारी कीं, लेकिन प्रक्रिया में कानून का पालन नहीं हुआ और तय समय में अवार्ड भी पारित नहीं किया गया। याची की अधिवक्ता अनन्या शुक्ला ने दलील दी कि भूमि अधिग्रहण अधिनियम की धारा 11ए के तहत दो साल में अवार्ड घोषित नहीं हुआ, इसलिए अधिग्रहण कार्यवाही समाप्त मानी जानी चाहिए।

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की अधिवक्ता तेजस्वी मिश्रा, प्रतिवादी संख्या पांच की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सुदीप हरकौली और राज्य सरकार की ओर से अपर मुख्य स्थायी अधिवक्ता अम्बरीश शुक्ल ने याचिका का विरोध किया। उनका कहना था कि अधिग्रहण की प्रक्रिया 2010 में पूरी हो चुकी थी, जमीन का कब्जा लेकर विकास प्राधिकरण को सौंप दिया गया था और बाद में प्रतिवादी संख्या पांच को लीज पर दिया गया। याचिका करीब 15 साल बाद दाखिल हुई और अधिग्रहण के समय याची जमीन का वास्तविक मालिक भी नहीं था।

राजस्व अभिलेखों और स्वामित्व दस्तावेजों के परीक्षण में कोर्ट ने पाया कि खसरा संख्या 313 के कई सहखातेदारों ने अपने हिस्से की जमीन पहले ही प्रतिवादी संख्या पांच को बेच दी थी, जबकि बाकी हिस्से में याची की मां देवकी और अन्य सहखातेदारों के नाम दर्ज थे। कोर्ट ने कहा कि 2012 में दाखिल बंटवारे के मुकदमे और 2018 के पारिवारिक समझौते से याची को जमीन पर नया अधिकार नहीं मिल सकता, क्योंकि उसकी मां का अधिकार अधिग्रहण के बाद समाप्त हो चुका था। सुप्रीम कोर्ट के दिल्ली एयरटेक सर्विसेज मामले का हवाला देते हुए कोर्ट ने कहा कि अधिग्रहण समाप्त होने का लाभ केवल वास्तविक भूमिधर उठा सकता है। याची का जमीन पर अधिग्रहण के समय कोई अधिकार नहीं था, इसलिए वह 80 प्रतिशत मुआवजा न मिलने या अवार्ड में देरी के आधार पर अधिग्रहण समाप्त घोषित कराने की मांग नहीं कर सकता।