पूर्णिया जिले के अमौर प्रखंड के तालबाड़ी पंचायत स्थित सिमलबाड़ी घाट पर कनकेई नदी पर पुल न होने से आसपास की चार पंचायतों के लोग पूरे साल नाव के सहारे नदी पार करने को विवश हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इससे आवागमन के दौरान हर समय जान का जोखिम बना रहता है। ताराबाड़ी पंचायत के पूर्व मुखिया नैयर आलम, हफनिया पंचायत के पूर्व मुखिया मो. हबजूल और डहुआबाड़ी पंचायत के मुखिया राजेश हरिजन सहित दर्जनों ग्रामीणों ने बताया कि घाट के दोनों छोर तक मुख्यमंत्री सड़क का निर्माण हो चुका है, लेकिन बीच में पुल न होने से आना-जाना बेहद कठिन है।

ग्रामीणों के अनुसार पुल के अभाव का असर रोजमर्रा की जिंदगी के साथ-साथ सामाजिक मामलों पर भी पड़ रहा है। शादी-विवाह के आयोजनों से लेकर गंभीर मरीजों को अस्पताल ले जाने तक में भारी कठिनाई होती है। स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि आवागमन की दुर्गमता के कारण बच्चों के लिए अच्छे परिवारों में रिश्ते तय करने में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों ने बताया कि बरसात और बाढ़ के दिनों में जब नाव उपलब्ध नहीं हो पाती या बाढ़ के दौरान नावों का परिचालन बंद कर दिया जाता है, तब मरीजों को समय पर इलाज के लिए ले जाना लगभग असंभव हो जाता है। ऐसे हालात में उचित उपचार के अभाव में मरीजों की जान जाने तक का खतरा मंडराता रहता है।

क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से कनकेई नदी के सिमलबाड़ी घाट पर शीघ्र पुल निर्माण कराने की मांग की है, ताकि चार पंचायतों के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।