दिल्ली में सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ लव' के विमोचन समारोह में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह शामिल हुए। उन्होंने कहा कि किताब पढ़कर वह भावुक हो गए और कई प्रसंगों ने उन्हें पुराने दिनों की याद दिला दी। कैप्टन ने बताया कि उन्होंने किताब पिछले ही दिन पूरी की है और इसे पढ़ना भावनात्मक अनुभव रहा, क्योंकि वह लंबे समय तक सोनिया गांधी के साथ कांग्रेस में रहे हैं। समारोह में कैप्टन पहली पंक्ति में बैठे दिखे। कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

समारोह में कैप्टन की मौजूदगी और राहुल गांधी की ओर से उनका जिक्र किए जाने के बाद पंजाब की राजनीति में कांग्रेस में उनकी वापसी की चर्चाएं शुरू हो गईं। राहुल गांधी ने अपने माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी से जुड़ा एक पुराना किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि बचपन में उन्होंने और प्रियंका गांधी ने अपने माता-पिता को जीवन में केवल एक बार बहस करते देखा था, जब राजीव गांधी फोन पर कैप्टन अमरिंदर सिंह से बात कर रहे थे।

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस में वापसी की अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वह कांग्रेस में नहीं जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने उन्हें व्यक्तिगत तौर पर किताब के विमोचन समारोह में आमंत्रित किया था और जब उन्होंने अपनी किताबों का विमोचन किया था तो सोनिया गांधी भी उनके कार्यक्रमों में शामिल हुई थीं, इसलिए निमंत्रण स्वीकार करना स्वाभाविक था। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम पूरी तरह किताब के विमोचन से जुड़ा है और गांधी परिवार के साथ उनके व्यक्तिगत संबंधों को कांग्रेस में वापसी के संकेत के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। बता दें कि कैप्टन ने भाजपा को लेकर भी हाल में बयान दिए थे और कहा था कि पार्टी में आए उन्हें चार साल हो चुके हैं, लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला।