भुवनेश्वर में आयोजित यूथ फेस्टिवल 'उमंग' में आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर ने जेन-जी (Gen Z) से जुड़े मुद्दों पर बड़ा बयान दिया। पीटीआई से बातचीत में उन्होंने कहा कि युवाओं की समस्याएं और शिकायतें बिल्कुल जायज हैं और उनकी आवाज सुनी जानी चाहिए। उनका आशय नीट पेपर लीक जैसे विषयों की तरफ था। उन्होंने माना कि युवाओं की अपनी परेशानियां हैं, लेकिन जब ये मुद्दे राजनीतिक रंग ले लेते हैं तो यह एक अलग विषय बन जाता है।

श्री श्री रविशंकर ने कहा कि आज की जेन-जी एक तरफ बहुत आक्रामक है, तो दूसरी तरफ अवसाद में चली जाती है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इन दोनों स्थितियों से बाहर निकलकर एक सफल व्यक्ति बनें। साथ ही उन्होंने कहा कि युवा अपनी आवाज जरूर उठाएं, लेकिन किसी भी आंदोलन के दौरान असामाजिक या राष्ट्र-विरोधी तत्वों से दूर रहें, क्योंकि ऐसे तत्व आंदोलनों में घुसपैठ कर जाते हैं।

भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में यूथ फेस्टिवल 'उमंग 2026' का आयोजन किया गया, जिसमें 100 से ज़्यादा एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन से आए लोगों की भारी भीड़ ने संगीत, ज्ञान और जश्न का हिस्सा बना। इसमें ऑर्ट ऑफ लिविंग संस्था के प्रमुख श्री श्री रविशंकर मौजूद रहे। यूथ फेस्टिवल को ओडिशा के सीएम मोहन मांझी ने भी संबोधित किया।

इस दौरान श्री श्री रविशंकर ने युवाओं से नशे और किसी भी प्रकार के मादक द्रव्यों के सेवन से दूर रहने का आह्वान किया और 'नशा मुक्त ओडिशा' पर जोर दिया। इससे पहले गुजरात के आणंद जिले में दिवाली के बाद एक कार्यक्रम में शिरकत करते हुए भी उन्होंने युवाओं और जेन-जी से अपनी समस्याओं और शिकायतों को जरूर उठाने की अपील की थी, लेकिन किसी भी रूप में राष्ट्र-विरोधी तत्वों से दूर रहने की सलाह दी थी।