अहमदाबाद/वडोदरा: पूर्व क्रिकेटर और तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर बहरामपुर से लोकसभा सांसद बने यूसुफ पठान को प्लॉट देने के मुद्दे पर कांग्रेस ने बीजेपी को घेरा है। मंगलवार को अहमदाबाद में गुजरात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने वडोदरा नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस की। बुधवार को होने वाली सामान्य सभा में यूसुफ पठान को प्लॉट गिफ्ट में दिए जाने का प्रस्ताव रखा जाएगा। बताया गया है कि सरकार ने इसे अनुमति दे दी है और यह स्टैंडिंग कमेटी से क्लियर हो चुका है। सामान्य सभा की मुहर के बाद प्लॉट यूसुफ पठान को मिल जाएगा।

अमित चावड़ा ने आरोप लगाया कि गुजरात में आम जनता और गरीब परिवारों पर कड़े कानूनी नियम लागू किए जाते हैं, जबकि सत्ताधारी दल के चहेतों या राजनीतिक लाभ के मामलों में नीतियों और नियमों को दरकिनार कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि सामान्य या बीपीएल परिवार को 100 वर्ग गज का प्लॉट मिलने में कई पीढ़ियां बीत सकती हैं, जबकि शैक्षिक या सामाजिक उद्देश्यों के लिए रियायती दर पर जमीन मांगने पर भी बाजार दर से अधिक कीमत का नोटिस भेजा जाता है।

चावड़ा ने बताया कि मार्च 2012 में यूसुफ पठान ने वडोदरा नगर निगम में अपने आवास के पास स्थित सरकारी जमीन आवासीय उपयोग के लिए आवंटित करने की मांग की थी। 21 मार्च 2012 को इस जमीन का मूल्यांकन 52,270 रुपये प्रति वर्ग मीटर तय किया गया था। जून 2012 में बीजेपी की अगुवाई वाली स्थायी समिति ने क्रिकेटर के रूप में देश का नाम रोशन करने के आधार पर आवंटन की सिफारिश की थी। चावड़ा के अनुसार, उस समय यूसुफ पठान न तो किसी राजनीतिक दल के सदस्य थे और न ही सांसद, इसलिए शहरी विकास विभाग ने प्रस्ताव खारिज करते हुए जून 2014 में इसे वापस लौटा दिया।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि 2014 में प्रस्ताव खारिज होने के बाद 2024 तक इस जमीन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। जब यूसुफ पठान तृणमूल कांग्रेस की ओर से सांसद बने और भाजपा-एनडीए सरकार के विपक्ष में आ गए, तो नगर निगम ने 2024 में अवैध कब्जा खाली करने का नोटिस जारी किया। यूसुफ पठान ने नोटिस को हाई कोर्ट में चुनौती दी, जहां सिंगल-जज और डिवीजन बेंच दोनों ने उनकी अपील खारिज कर दी और जमीन की कीमत वसूलने तथा इसे तुरंत खाली कराने का निर्देश दिया। चावड़ा ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस से नाता तोड़कर मोदी सरकार और एनडीए को समर्थन देने के यूसुफ पठान के फैसले के बाद उनके कथित सभी अवैध कामों को माफ कर दिया गया और शहरी विकास विभाग ने औपचारिक प्रस्ताव के जरिए यही जमीन उन्हें उपहार में देने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम की बोर्ड बैठक में 500 वर्ग मीटर जमीन उपहार में देने का प्रस्ताव पारित किया जाएगा, जबकि बाकी 478 वर्ग मीटर जमीन बाजार मूल्य के केवल 55 प्रतिशत पर दी जाएगी।

अमित चावड़ा ने आरोप लगाया कि यह प्रस्ताव विशेष रूप से यूसुफ पठान के लिए है और अर्जुन पुरस्कार पाने वाले किसी अन्य क्रिकेटर को इसका लाभ नहीं मिल सकता, जो प्रस्ताव में स्पष्ट रूप से लिखा गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 2024 के लोकसभा चुनाव के नामांकन पत्रों में यूसुफ पठान ने वडोदरा के टीपी 22, एफपी 90 में स्थित इस प्लॉट को, जो नगर निगम की संपत्ति है, अपनी खुद की संपत्ति के रूप में दिखाया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में शहर अध्यक्ष ऋत्विक जोशी, पार्षद आशीष जोशी, पुष्पा वाघेला और चीफ प्रवक्ता डॉ. मनीष दोशी मौजूद रहे। यूसुफ पठान बहरामपुर से सांसद हैं, जबकि उनके माता-पिता वडोदरा के तांदलजा इलाके में रहते हैं।