चेन्नई में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' के विमोचन कार्यक्रम में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम में कई दिग्गज नेता विजय से मिलने को उत्सुक दिखे। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अपने घर पर पिछले 22 साल से काम कर रही महिला को विजय से मिलवाया और उनकी तस्वीर भी खिंचवाई। विजय ने महिला से बातचीत भी की।
प्रियंका गांधी ने विजय से आग्रह किया था कि वह उनके घर में काम करने वाली महिला से मिल लें। विजय ने यह आग्रह स्वीकार किया। महिला पिछले दो दशक से विजय से मिलने का सपना देख रही थी। विजय जब टीवीके के दो नेताओं के साथ कार्यक्रम में पहुंचे, तो प्रियंका गांधी ने उसकी यह इच्छा पूरी कर दी।
कार्यक्रम में मंत्री एन. आनंद और आधव अर्जुन भी मौजूद थे। विजय ने सोनिया गांधी से भी मुलाकात की। उन्होंने कांग्रेस के दो मुख्यमंत्रियों सुखविंदर सिंह सुक्खू और केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन के अलावा के. सी. वेणुगोपाल और गौरव गोगोई से भी बातचीत की। प्रियंका गांधी ने विजय का गर्मजोशी से स्वागत किया।
विजय ने इसी महीने की 10 तारीख को मुख्यमंत्री के रूप में छह महीने का कार्यकाल पूरा किया है। तमिलनाडु के पहली बार मुख्यमंत्री बने विजय अपनी करिश्माई जीत और सिनेमाई छवि के कारण लोकप्रियता के शिखर पर हैं। दक्षिणी राज्यों के साथ हिंदी पट्टी में भी उनका फैन बेस है। कांग्रेस तमिलनाडु में विजय की अगुवाई वाली टीवीके सरकार का समर्थन कर रही है और उसकी साझीदार है। कांग्रेस ने डीएमके से गठबंधन तोड़कर टीवीके को समर्थन दिया है।
