जनता दल (यूनाइटेड) ने भागलपुर की वरिष्ठ नेत्री और पूर्व राज्यसभा सांसद कहकशां परवीन को पार्टी की महिला प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत किया है। पार्टी ने यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से दी है। मनोनयन की घोषणा के बाद भागलपुर जिला और महानगर जदयू के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। पार्टी नेताओं ने इसे पूरे भागलपुर जिले के लिए गौरव का विषय बताया है।

कहकशां परवीन का जन्म 1 जनवरी 1979 को झारखंड के रांची जिले के डोरंडा में हुआ। उन्होंने रांची विमेंस कॉलेज से स्नातक (बीए) की पढ़ाई पूरी की। मो. नसीमुद्दीन से विवाह के बाद वे भागलपुर के इशाकचक में बस गईं और यहीं से उनके सामाजिक और राजनीतिक जीवन की शुरुआत हुई। उनके परिवार में दो बेटियां हैं। सौम्य कार्यशैली और मजबूत जनसंपर्क के बल पर उन्होंने भागलपुर की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई।

उनके राजनीतिक करियर की प्रमुख उपलब्धि 2002 में सामने आई, जब वे भागलपुर नगर निगम की प्रथम महापौर बनीं और 2007 तक इस पद पर रहीं। जमीनी स्तर पर पकड़ और संगठन के प्रति निष्ठा को देखते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें आगे बढ़ाया। वे अप्रैल 2014 से अप्रैल 2020 तक छह साल के कार्यकाल के लिए बिहार से राज्यसभा सांसद रहीं। 27 जुलाई 2018 को तत्कालीन राज्यसभा सभापति एम. वेंकैया नायडू ने सदन की कार्यवाही संचालित करने के लिए उन्हें पीठासीन अधिकारियों के पैनल में भी नामित किया था। वे जदयू की राष्ट्रीय महासचिव के रूप में भी जिम्मेदारी निभा चुकी हैं।

मनोनयन पर जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता ने कहा कि कहकशां परवीन का लंबा राजनीतिक अनुभव, संगठन के प्रति समर्पण और महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए उनकी प्रतिबद्धता पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है। महानगर अध्यक्ष संजय साह ने कहा कि उनके नेतृत्व में देशभर में महिला संगठन का विस्तार होगा और राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी। शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव राकेश कुमार ओझा ने इसे उनके लंबे राजनीतिक और सामाजिक योगदान का सम्मान बताया, जबकि पूर्व जिलाध्यक्ष सुड्डू साईं ने इसे उनकी कार्यक्षमता का प्रतिफल कहा।