अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने नए पोस्ट में बताया है कि KBC की शूटिंग के दौरान उनकी पैंट की बेल्ट टूट गई थी, जिसके बाद उन्होंने जल्दी से नाड़ा बांध लिया। उन्होंने इस पोस्ट में 15 नवंबर को किए गए अपने 'बच गए' ट्वीट का भी जिक्र किया है। इससे साफ होता है कि उनका वह पुराना पोस्ट सुरक्षा से जुड़े मामले में नहीं था। बिग बी अक्सर सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं और लगभग रोज कुछ न कुछ पोस्ट करते हैं।

गौरतलब है कि 15 नवंबर वाले उनके 'बच गया' पोस्ट को लोग लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े दो कथित शूटरों की गिरफ्तारी और कथित बम की धमकियों से जोड़कर देख रहे थे। नए पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर लोग मजे ले रहे हैं। किसी ने कहा कि तो यह लॉरेंस वाला मामला नहीं था, तो किसी ने कहा कि हर बात पब्लिकली पोस्ट करने के लिए नहीं होती। एक यूजर ने मजाक में कहा कि अच्छा किया, नहीं तो 7 करोड़ का सवाल लीक हो जाता।

इस बीच, हाल में गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन को जान से मारने की धमकी दी है। उसने दावा किया है कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा मुंबई से उसके दो साथियों विकास ठाकुर और दीपक सिंह की गिरफ्तारी से उसके प्लान पर कोई असर नहीं पड़ा है। अपने पोस्ट में उसने 1984 के दंगों का जिक्र करते हुए बुलेटप्रूफ केबिन और सुरक्षा के बावजूद निशाना बनाने की बात कही है।

शिवसेना प्रवक्ता संजय निरुपम ने अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दिए जाने पर चिंता जताई है और गोल्डी ढिल्लों तथा उसके पूरे नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, विकास और दीपक अलग-अलग शूटिंग प्लान में शामिल थे। विकास का टारगेट दिल्ली के एक बिजनेसमैन से पैसा वसूलना था, जबकि दीपक ने कथित तौर पर मुंबई में अमिताभ बच्चन के घर पर निशाना बनाया था। एक टिप-ऑफ पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पहले विकास को और फिर मुंबई में छिपे दीपक को पकड़ा।