आयुष्मान खुराना और शरवरी स्टारर फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। राजश्री प्रोडक्शन ने इसे अपने यूट्यूब अकाउंट पर शेयर किया है। ट्रेलर में शादी और मायका-ससुराल जैसी रीतों पर सवाल उठाया गया है। कहानी में प्रेम अपनी पत्नी पूर्वा के परिवार को छोड़ने से मना करने पर खुद उसके घर जाकर रहने लगता है और दोनों परिवारों को 50-50 पार्टनरशिप में एक ही घर में रखता है।

ट्रेलर की शुरुआत आयुष्मान के वॉइस ओवर से होती है, जिसमें वह कहते हैं कि यह केस उनके पिता ने उनकी पत्नी के परिवार पर किया है और वह वेद मिश्रा का बेटा होने के साथ-साथ पूर्वा सोलंकी का पति भी है। ट्रेलर में प्रेम पूर्वा से सीधा शादी करने की बात कहता है, जबकि पूर्वा अपनी जिम्मेदारी के लिए अपना परिवार नहीं छोड़ना चाहती।

रिलीज के एक घंटे के भीतर ट्रेलर को यूट्यूब पर 2 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। कुछ यूजर्स ने कमेंट में फिल्म की तारीफ की है। एक यूजर ने लिखा कि "ये मायका ससुराल क्या होता है, हम घर क्यों नहीं कह सकते" लाइन ने दिल जीत लिया। दूसरे यूजर ने फिल्म के म्यूजिक को ब्लॉकबस्टर बताया, जबकि एक अन्य ने कहा कि यह फिल्म शादी का असली मतलब समझाती है।

सूरज बड़जात्या के राजश्री प्रोडक्शन में बनी यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।