रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' को मिल रहे प्यार और लोगों की धार्मिक भावनाओं को देखते हुए कोलकाता की मल्टीप्लेक्स चेन SVF सिनेमाज ने खास फैसला लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी ने तय किया है कि फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान ऑडिटोरियम के अंदर सिर्फ शाकाहारी खाना ही परोसा जाएगा, यानी दर्शकों के पास फिल्म देखते समय नॉनवेज का ऑप्शन नहीं होगा। कंपनी ने साफ किया है कि ये रोक सिर्फ 'रामायण' की स्क्रीनिंग पर लागू होती है और मल्टीप्लेक्स चेन में चल रही दूसरी फिल्मों पर लागू नहीं होती। साथ ही ये भी कहा गया है कि कंपनी का रेग्युलर फूड और बेवरेज मेन्यु, जिसमें नॉन-वेजिटेरियन ऑप्शन भी शामिल है, ऑडिटोरियम के बाहर काउंटर पर मिलता रहेगा।

कंपनी का कहना है कि कुछ फिल्में सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं होतीं, बल्कि लोगों की भावनाओं और धार्मिक विश्वास से भी जुड़ी होती हैं और 'रामायण' भी ऐसी ही एक फिल्म है। कंपनी के एक स्पोक्स पर्सन ने बताया कि जब फिल्म के दौरान हनुमान चालीसा बजता है तो थिएटर का माहौल किसी मंदिर जैसा महसूस होने लगता है। SVF सिनेमाज ने बताया कि इससे पहले भी पौराणिक फिल्मों के दौरान दर्शकों की ऐसी श्रद्धा देखने को मिली है। साल 2024 में आई फिल्म 'महावतार नरसिम्हा' की स्क्रीनिंग के समय कई दर्शकों ने अपनी मर्जी से थिएटर के बाहर जूते-चप्पल उतार दिए थे, वहीं फिल्म 'हनुमान अंश' के दौरान भी लोगों ने ऑडिटोरियम के अंदर सिर्फ शाकाहारी खाना परोसने की मांग की थी। इसी को देखते हुए कंपनी ने 'रामायण' के लिए ये फैसला लिया है।

इस बीच सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे क्लिप्स भी सामने आए हैं जिनमें लोग देवताओं के वेश में थिएटर जाते दिख रहे हैं। क्लिप में करीब 6 लोग शानदार सुनहरे कपड़ों में नजर आ रहे हैं। वीडियो में ये सभी लोग भारी जूलरी और बड़े मुकुट में दिख रहे हैं और गदा और कुल्हाड़ी जैसे हथियार लिए हुए हैं। उनका लुक पौराणिक कथाओं में देखे गए देवताओं की क्लासिक इमेज जैसा बताया जा रहा है।

बता दें कि नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म 'रामायण' में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आ रहे हैं। यह फिल्म दो हिस्सों में बनाई जा रही है और इसके पहले पार्ट को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। करीब 1900 करोड़ रुपये के खर्च से तैयार फिल्म को रिलीज हुए 14 दिन बीत चुके हैं। इस फिल्म ने देश भर में ₹844.40 Cr का नेट कलेक्शन और ₹1,009.05 Cr का ग्रॉस कलेक्शन किया है, जबकि वर्ल्डवाइड इसकी कुल कमाई ₹1,519.05 Cr बताई जा रही है।