मुजफ्फरनगर में सांप्रदायिक दंगे के दौरान फुगाना गांव में एक मकान में तोड़फोड़ और लूटपाट के मामले में न्यायालय ने आठ आरोपियों को साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त कर दिया है। यह मुकदमा लगभग 13 वर्ष तक चला। विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट डॉ. विजय कुमार की अदालत में सुनवाई हुई, जहां अभियोजन पक्ष मामला साबित करने में विफल रहा।

अभियोजन पक्ष के अनुसार, फुगाना निवासी नौशाद का आरोप था कि आठ सितंबर 2012 की रात करीब 9.15 बजे बिलेन्द्र जोगी, नीरज, विनोद, रोशन, संजा उर्फ संजय, श्रीनिवास, गुड्डू और सुभाष ने तलवार, तबल और बलकटी जैसे धारदार हथियारों के साथ उनके घर में लूटपाट की और मकान में तोड़फोड़ करते हुए परिवार के लोगों पर हमला किया। आरोपियों पर मकान से जेवरात लूटने का भी आरोप था। मामले की विवेचना फुगाना थाने के तत्कालीन दारोगा सौराज सिंह ने की थी।

अदालत में अभियोजन पक्ष ने वादी नौशाद, गांव के ही साबिर और वकील को गवाह के तौर पर पेश किया, लेकिन तीनों गवाह पक्षद्रोही हो गए। वादी नौशाद ने गवाही में कहा कि वह आठ सितंबर 2013 को सुबह ही परिवार सहित गांव पट्टी धनौरा, बागपत में अपनी रिश्तेदारी में चला गया था, क्योंकि गांव में सात सितंबर 2013 से माहौल तनावपूर्ण था। उसने आरोपियों को घर में लूटपाट करते नहीं देखा। कुछ दिन बाद लौटने पर पता चला कि क्षेत्र में सांप्रदायिक दंगा हो गया है, जिसके बाद वह परिवार सहित कैराना सरकारी शिविर में चला गया, जहां कुछ अज्ञात लोगों ने उससे कोरे कागज पर हस्ताक्षर करा लिए।

गवाह साजिद ने बताया कि दंगे की सुगबुगाहट पर वह सुबह पांच-छह बजे परिवार सहित गांव से लोई कैंप चला गया था और घटना के बारे में वहीं पता चला; उसने घटना स्वयं नहीं देखी। गवाह साबिर ने भी कहा कि वह परिवार सहित लोई कैंप में था और आरोपियों को दंगा करते हुए नहीं देखा।

अभियोजन पक्ष के अनुसार, यह हमला नंगला मंदौड़ की पंचायत के बाद पनपी रंजिश के बाद किया गया था। मंगलवार को न्यायालय ने साक्ष्य के अभाव में सभी आठ आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया।