मोकामा के विधायक अनंत सिंह के प्रति उनके समर्थकों की दीवानगी लगातार सामने आ रही है। इसी क्रम में समस्तीपुर के रहने वाले एक युवक ने अनोखी दीवानगी दिखाई है। बलराम गिरि उर्फ बम बिहारी टाइगर स्टार नाम का यह युवक समस्तीपुर के अंगार घाट से मोकामा घाट तक करीब 130 किलोमीटर की दूरी दौड़कर तय करते हुए विधायक के लदमा (नदवां) स्थित घर पहुंचा। उसके हाथ में अनंत सिंह, उनकी बेटी और होने वाले दामाद की एक तस्वीर थी, जिसे उसने तीन दिनों में अपने खून से तैयार करने का दावा किया है।

बताया जाता है कि बलराम गिरि गले में रुद्राक्ष धारण किए और पीठ पर भारी बैग लादे रात ढाई बजे अनंत सिंह के घर के लिए निकला था। उसने अंगार घाट से मोकामा घाट तक का सफर दौड़ते हुए पूरा किया। इस प्रशंसक की अनोखी यात्रा और जुनून को देखकर रास्ते में और मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए।

इस घटना में सबसे हैरान करने वाली बात वह तस्वीर है, जिसे बलराम गिरि हाथों में थामे हुए था। उसने सिरिंज के जरिए अपने शरीर से खून निकालकर तीन दिनों की मेहनत से अनंत सिंह, उनकी बेटी और होने वाले दामाद का फोटोग्राफ खुद बनाया। युवक का कहना है कि वह अनंत सिंह की बेटी की शादी में शामिल होने और उन्हें बधाई देने के लिए दौड़ते हुए उनके आवास पर पहुंचा।

मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को उनके पैतृक गांव लदमा (नदवां, बाढ़) में होनी है। शादी में करीब चार लाख लोगों के मेहमान के तौर पर शामिल होने का दावा किया गया है। अनंत सिंह के होने वाले दामाद ऋषिकेश बिहटा स्थित कृष्णा नगर के रहने वाले हैं। बलराम गिरि ने बताया कि वह अनंत सिंह का बहुत बड़ा फैन है और शादी में शामिल होने के अपने संकल्प को उसने पूरा कर दिखाया।