अशोकनगर जिले में 22 वर्षीय दीपा पारदी ने गर्भावस्था के सातवें महीने में ऑपरेशन से तीन बच्चों—एक बेटे और दो बेटियों—को जन्म दिया है। अभय माधोगढ़ निवासी दीपा का गर्भावस्था के दौरान ब्लड प्रेशर लगातार बढ़ रहा था, जिसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने स्थिति को देखते हुए तत्काल प्रसव की सलाह दी, जिसके बाद सातवें महीने में ऑपरेशन के जरिए तीनों बच्चों का जन्म हुआ।

जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चों का जन्म बेहद कम अंतराल में हुआ। सबसे पहले एक बेटी ने जन्म लिया, इसके करीब एक मिनट बाद बेटे और फिर दूसरी बेटी का जन्म हुआ। सातवें महीने में जन्म होने के कारण तीनों नवजात प्रीमैच्योर हैं।

जन्म के बाद तीनों बच्चों का वजन सामान्य से काफी कम पाया गया। जानकारी के मुताबिक, एक बच्ची का वजन करीब 1 किलो 200 ग्राम, बेटे का वजन लगभग 1 किलो 300 ग्राम और दूसरी बच्ची का वजन करीब 1 किलो है। कम वजन और सांस लेने में परेशानी के चलते तीनों नवजात को जिला अस्पताल के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में भर्ती कर ऑक्सीजन सपोर्ट दिया जा रहा है।

सातवें महीने में जन्मे तीनों बच्चों को विशेष देखभाल की जरूरत है। जिला अस्पताल के SNCU वार्ड में डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है और उनकी सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है।