लोनी में दिल्ली-सहारनपुर मार्ग और गाजियाबाद मार्ग पर बंथला से टीला मोड़ तक सीवर लाइन बिछाने की खोदाई के बाद सड़कों पर उड़ रही धूल लोगों के लिए आंखों की समस्या बन गई है। पाइप डालने के बाद कार्यदायी संस्था द्वारा मिट्टी डालकर सड़कों को बदहाल छोड़े जाने और पानी का छिड़काव न होने से वाहनों के गुजरते ही धूल के गुबार उठते हैं। इससे राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को आंखों में जलन, खुजली और लालिमा की शिकायत हो रही है, और धूल के कारण एलर्जी के मामले भी बढ़ रहे हैं।
धूल का असर अस्पतालों की ओपीडी में भी दिखने लगा है। 50 शैय्या संयुक्त अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ नदीम के अनुसार, पहले नेत्र ओपीडी में प्रतिदिन करीब 40 मरीज आते थे, जो अब बढ़कर 100 से अधिक हो गए हैं। इनमें करीब 20 मरीज धूल के कारण आंखों में परेशानी की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। धूल के बारीक कण आंखों में पहुंचने से जलन, खुजली और एलर्जी हो रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि वाहनों के गुजरते ही धूल का गुबार उठता है और आसपास के घरों में धूल की परत जम रही है। घरों के बाहर बैठना और खिड़की-दरवाजे खोलना मुश्किल हो गया है, बच्चों की आंखों में भी लालिमा और खुजली की शिकायत सामने आ रही है। टीला मोड़ से बंथला मार्ग पर धूल का सबसे अधिक प्रकोप है, जहां बाइक सवारों को मुंह और आंखें ढककर निकलना पड़ता है। लोगों का आरोप है कि सीवर लाइन डालने के बाद सड़क की मरम्मत और सफाई पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है और नियमित पानी का छिड़काव भी नहीं कराया जा रहा है। निवासियों ने कार्यदायी संस्था और संबंधित अधिकारियों से सड़क की मरम्मत कराने और धूल रोकने के लिए नियमित पानी का छिड़काव कराने की मांग की है।
लोनी एसडीएम दीपक सिंघनवाल ने कहा कि सीवर लाइन डालने का कार्य पूरा होने के बाद सड़कों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि धूल से लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित कार्यदायी संस्था से नियमित पानी का छिड़काव कराने और मिट्टी को व्यवस्थित कराने के लिए कहा जाएगा।
