खरगोन जिला अस्पताल में भर्ती एक मरीज को पुलिस द्वारा गलती से मृत बताए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस से मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार ने अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी थी, लेकिन बाद में पता चला कि मरीज जिंदा है और अस्पताल में उपचाररत है। मामले में परिवार ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

जैतापुर थाना प्रभारी सुदर्शन कलोसिया के अनुसार, देवास जिले के शिप्रा निवासी राजेंद्र चौहान करीब एक माह पहले जिला अस्पताल में भर्ती हुए थे। उनके साथ कोई नहीं था, इसलिए उनके फोटो प्रसारित किए गए थे। वासुदेव समाज अध्यक्ष चंदन चौहान ने पहचान कराई थी। 19 नवंबर को मरीज को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।

थाना प्रभारी के मुताबिक, मरीज के दोबारा अस्पताल में भर्ती होने पर अस्पताल चौकी के एक पुलिसकर्मी से त्रुटिवश उनके निधन की जानकारी दे दी गई थी। पुलिसकर्मी ने इसके लिए माफी भी मांगी है। इधर, वासुदेव समाज अध्यक्ष चंदन चौहान का आरोप है कि पुलिस चौकी और कंट्रोल रूम से मौत की सूचना मिलने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया समूहों पर संदेश भेज दिए, जिसके बाद खरगोन, खंडवा और बड़वानी सहित अन्य स्थानों से रिश्तेदार पहुंचे और अंतिम संस्कार की तैयारी की गई।

चौहान के अनुसार, जब स्वजन शव लेने अस्पताल पहुंचे तो उन्हें आधे घंटे रुकने को कहा गया और बाद में बताया गया कि राजेंद्र चौहान जिंदा हैं। उन्होंने प्रधान आरक्षक वहाब खान, जितेंद्र रावत और माधव सिंह पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। समाजजनों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई है। मामले में पुलिस अधिकारी कैमरे के सामने बोलने से कतराते रहे।