ग्वालियर के माधवगंज थाना क्षेत्र के सात भाई की गोठ में सोमवार रात एक महिला एसएचओ ने अपनी ससुराल के गेट पर पत्थर मारकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। महिला अधिकारी वर्षा सिंह वर्तमान में राज्य साइबर पुलिस में पदस्थ हैं। बताया गया है कि वह अपने बेटे से मिलने ससुराल पहुंची थी, लेकिन उसे बेटे से नहीं मिलने दिया गया, जिसके बाद उसने गेट पर पत्थर मारने शुरू कर दिए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला अधिकारी को पत्थर मारते और ससुराल पक्ष के लोगों को उसे भला-बुरा कहते देखा जा सकता है।
जानकारी के अनुसार वर्षा सिंह का अपने पति से विवाद चल रहा है और मामला कोर्ट में विचाराधीन है। उनके पति उमेश सिंह आयकर विभाग में पदस्थ हैं। दोनों लंबे समय से अलग रहते हैं और सात साल का बच्चा अपने पिता के साथ रहता है। बताया गया कि वर्षा सिंह ने कुछ दिनों पहले हाईकोर्ट में याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि पति ने बेटे को बंधक बनाकर रखा है। सुनवाई के दौरान पुलिस ने बच्चे को कोर्ट में पेश किया था, लेकिन बच्चे की कस्टडी पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है।
घटना के दौरान वर्षा सिंह का पति घर से बाहर आया तो उससे भी विवाद हुआ। देर रात दोनों पक्ष थाने पहुंचे और एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए। सीएसपी किरण अहिरवार का कहना है कि दोनों पक्षों के आवेदन ले लिए गए हैं और मामले की जांच की जा रही है।
